मोहाली में आटा चक्की पर मिला संदिग्ध मांस:गेहूं पिसवाने आया व्यक्ति, थैली छोड़कर गया, घर में घुसकर दरवाजा बंद किया

मोहाली के खरड़-लांडरा हाइवे पर सौते माजरा कालोनी मे स्थित स्वराज नगर इलाके में मंगलवार शाम करीब 6:15 बजे उस समय तनाव फैल गया, जब एक आटा चक्की पर छोड़ी गई थैली से संदिग्ध मांस मिलने की बात सामने आई। एक व्यक्ति गेहूं पिसवाने आया था और अपनी थैली चक्की पर छोड़कर चला गया। थैली से दुर्गंध आने पर दुकानदार ने उसे खोला तो अंदर एक काले लिफाफे में संदिग्ध मांस मिला। इसी दौरान थैली छोड़ने वाला व्यक्ति वापस आया। दुकानदार ने उससे मांस के बारे में पूछा तो वह आनाकानी करने लगा। दबाव बनाने पर उसने कहा, “रहने दो भाई साहब, बवाल हो जाएगा।” इसके बाद वह लिफाफा लेकर भागा और अपने पास के घर में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस ने किया दरवाजा खुलवाने का प्रयास घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। इलाके में थैली में गौमांस होने की चर्चा शुरू हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय प्रधान निशांत शर्मा भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली। मौके पर मौजूद एक युवक ने खुद को आरोपी का भाई दानिश बताया। उसने जानकारी दी कि वह अपने भाई राहत के साथ पिछले दो साल से इस घर में परिवार सहित रह रहा है। उनके घर के नीचे एक बुटीक की दुकान भी है। दानिश ने स्वीकार किया कि लिफाफे में गौमांस था, लेकिन यह मांस कहां से आया और किससे खरीदा गया, इसकी जांच जारी है। महिला ने की गाली- गलौज पुलिस के पहुंचने के आधे घंटे बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वहां मौजूद महिलाओं ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से एक महिला ने गाली-गलौज की और दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाद में महिला पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस द्वारा दरवाजा खुलवाने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *