मोहाली में जज के घर चोरी:पीछे के दरवाजे से घुसे चोर, बाथरूम के नल, पानी की फिटिंग, पीतल के बर्तन ले गए; पुलिस CCTV खंगाल रही

मोहाली के सेक्टर-94 में एक सेशन जज के घर में चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घर पर 15 दिन से ताला बंद था। चोरों ने आराम से घुसकर पूरे घर की तलाशी ली और धातु का बना सामान समेटकर फरार हो गए। चोरों ने जज के घर से पीतल के बर्तन, पानी की फिटिंग वाले पाइप, बाथरूम में लगे नल और भगवान श्री कृष्ण की एक मूर्ति चोरी कर ली। जज अपने गनमैन के साथ मोगा में ड्यूटी पर गई हुई थीं। लौटकर जब आईं तो उन्हें घटना का पता चला। पुलिस को जज की सिक्योरिटी स्टाफ ने शिकायत दी है। अब मामले की जांच कर रही है। जज के सिक्योरिटी स्टाफ ने शिकायत दी शिकायतकर्ता हरिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब पुलिस में तैनात हैं और मोगा की सेशन जज नीलम अरोड़ा के साथ ड्यूटी पर हैं। उनका घर मोहाली के सेक्टर-94 में है। जबकि, उनकी तैनाती मोगा में है। वह ड्यूटी पर मोगा गई थीं, जहां उन्हें सरकारी क्वार्टर मिला हुआ है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 5 मार्च 2026 को परिवार सहित घर बंद कर जज मोगा चली गई थीं। 20 मार्च की रात करीब साढ़े 8 बजे जब घर लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है। अंदर घुसे तो सारे कमरे अस्त-व्यस्त थे, अलमारियां खुली हुई थीं, सामान बिखरा पड़ा था और घर की सभी लाइटें जल रही थीं। पीछे के दरवाजे से घुसे चोर जांच में पता चला कि चोर पीछे के दरवाजे को खोलकर अंदर घुसे थे। उन्होंने पूरे घर में घूम-घूमकर तलाशी ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। चोरों ने घर में धार्मिक सामान भी नहीं छोड़ा। रसोई से पीतल की श्रीकृष्ण की मूर्ति, पीतल के बर्तन, साथ ही बाथरूम के नल और फिटिंग्स तक चोरी कर ले गए। हरिंदर सिंह ने कहा कि चोरों ने व्यवस्थित तरीके से हर कोना खंगाला और कीमती चीजें समेट लीं। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आसपास के कैमरों में चोरों की गतिविधि देखकर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। यह वारदात लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं की नई कड़ी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों तक पहुंच जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *