मोहाली जिले के खरड़ क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए एक्साइज विभाग ने शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने एक डिपार्टमेंटल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। यह कार्रवाई असिस्टेंट कमिश्नर एक्साइज अशोक चिल्होत्रा के दिशानिर्देश पर ईटीओ दीवान चंद शर्मा की अध्यक्षता में की गई। एक्साइज इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में खरड़ के निज्जर चौक के पास स्थित कार्नर डिपार्टमेंटल स्टोर में यह छापेमारी हुई। टीम को स्टोर के अंदर से चंडीगढ़ से लाई गई अवैध शराब मिली। अधिकारियों के अनुसार, मौके से लगभग 7 से 8 पेटी शराब बरामद होने का अनुमान है, जिसमें इंपोर्टेड बीयर भी शामिल है। बरामद शराब की गिनती और जांच प्रक्रिया जारी है। बार में अवैध तरीके से बेची जा रही थी शराब जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी डिपार्टमेंटल स्टोर की पहली मंजिल पर स्थित “स्काई बाइट्स” नामक रेस्टोरेंट के बार में भी अवैध रूप से शराब ( फॉर सेल चंडीगढ़) परोसी जा रही थी। वहां चंडीगढ़ की शराब को डिस्प्ले पर भी लगाया गया था। एक्साइज विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट से भी शराब को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने डिपार्टमेंटल स्टोर के संचालक विनय जैन को हिरासत में ले लिया। मौके पर संबंधित थाना सिटी खरड़ पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद पुलिस और एक्साइज विभाग ने संयुक्त रूप से आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।