न्यू चंडीगढ़ के गांव होशियारपुर में देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक नामी प्रॉपर्टी डीलर के घर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावर बाइक पर आए थे और वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मोहाली पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर आ गए। पुलिस बल के साथ फोरेंसिक टीमें और CIA के जवान जांच के लिए पहुंच गए। कॉल की लोकेशन और वॉयस सैंपल की जांच कर रही पुलिस पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर को कुछ दिन पहले एक विदेशी नंबर से नामी गैंगस्टर की ओर से धमकी भरा फोन आया था। फोन पर करोड़ों रुपए की रंगदारी की मांग की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि फिरौती न देने या पुलिस को सूचना देने के चलते ही डराने के मकसद से यह फायरिंग की गई है। पुलिस अब उस कॉल की लोकेशन और वॉयस सैंपल की जांच कर रही है। जांच में जुटी CIA और फॉरेंसिक टीम घटना की गंभीरता को देखते हुए CIA (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) और स्टेट फॉरेंसिक लैब की टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से .32 बोर के करीब 6 खाली खोल बरामद किए हैं। पुलिस गांव के एंट्री पॉइंट्स और घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस घटना के समय सक्रिय रहे मोबाइल टावरों का डंप डेटा भी निकाल रही है।