पंजाब के मोहाली में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव उसके घर के दरवाजे की चौखट से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान पिंकी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। बलौंगी थाने के एसएचओ कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मृतका के पति और जेठ को हिरासत में ले लिया है। रात को पति और जेठ मुजरा करवाते थे स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका पिंकी अक्सर कहती थी कि उसका पति और जेठ उससे गलत काम करवाते हैं। पड़ोस में रह रहे लक्की ने बताया कि एक महीने पहले वह रोते हुए मेरे घर आई। उस समय उसके चेहरे से खून बह रहा था और उसने आरोप लगाया था कि उसे बुरी तरह से पीटा है। रात को उससे मुजरा करवाया जाता है। लोगों का कहना है कि पिंकी एक अच्छी लड़की थी, लेकिन उसका पति और जेठ अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। कई बार वे उसे गली में दौड़ा-दौड़ाकर मारते थे। 4 घंटे देरी से पहुंची पुलिस आज सुबह जब उसका शव लटका हुआ मिला, तो पड़ोसियों ने आशंका जताई कि उसे मारकर लटकाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में लगभग 4 घंटे लग गए। यहां तक कि उनके पास खुद का वाहन भी नहीं था। लोगों ने पुलिस को वह वीडियो भी दिखाया, जिसमें पिंकी अपनी जान बचाने की गुहार लगा रही थी।