मोहाली में हरियाणा के युवक का मर्डर:पिता के साथ शिव मंदिर से लौटते समय घेरा, किरच मारकर भागते दिखे बदमाश; इकलौता बेटा था

मोहाली के फेज-11 में शिवरात्रि के मौके पर मंदिर से पूजा कर लौट रहे एक युवक की किरच (चाकू) मारकर हत्या कर दी। बदमाश युवक उसे गंभीर रूप से घायल कर भाग गए थे, जिसके बाद उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ता कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजन ने सोमवार (16 फरवरी) सुबह फोर्टिस अस्पताल के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया। क्योंकि, इसी अस्पताल में CM भगवंत मान भर्ती हैं। लोगों का आरोप है कि आरोपी युवक अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं। उनकी बाइक भी पुलिस ने जब्त की है। इसके बाद भी अभी तक आरोपी पकड़े नहीं गए। मृतक की पहचान गुरसेवक सिंह (27) के रूप में हुई। उसका परिवार मूल रूप से हरियाणा में टोहाना का रहने वाला है, लेकिन मौजूदा समय में मोहाली के फेज-11 में रह रहा था। यहां गुरसेवक सिंह इमीग्रेशन कंपनी चलाता था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पिता बोले- अस्पताल में बेटे ने दम तोड़ा मृतक के पिता ने बताया कि रविवार को शिवरात्रि के मौके पर वह बेटे के साथ मोहाली फेज-11 के मंदिर में पूजा-पाठ के लिए गए थे। रात को वहां कुछ युवक लड़ रहे थे। मंदिर से लौटते समय युवकों को रास्ते से हटने के लिए कहा गया। इस दौरान थोड़ी कहासुनी हुई तो उन्होंने उनके बेटे को चाकू मार दिया। इसमें वह गंभीर रूप में घायल हो गया। पिता ने बताया कि वह बेटे को तुरंत फोर्टिस अस्पताल लेकर आए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभी तक कोई आरोपी नहीं पकड़ा गया है। जबकि, पुलिस को पता है कि आरोपी कौन हैं। क्योंकि पुलिस उनकी मौके से बाइक कब्जे में ले चुकी है। परिजन को शांत कराने खुद SSP पहुंचे जब गुस्साए परिजन ने फोर्टिस अस्पताल के बाहर धरना देकर जाम लगा दिया तो मौके पर SSP हरमनदीप सिंह हंस खुद पहुंच गए। उनका कहना है कि यहां प्रवासी युवकों की लड़ाई हो रही थी। युवक हुलड़बाजी कर रहे थे। इस दौरान गुरसेवक के पेट में किरच मार दी। उसका अस्पताल में इलाज किया गया, लेकिन आज सुबह उसकी मौत हो गई। परिजन ने आरोप लगाया कि बेटे को उचित इलाज नहीं दिया। बेटे को जब अस्पताल लेकरआए थे, उसे दो घंटे तक इलाज नहीं दिया गया। इस वजह से वह मर गया। इस पर पर SSP हरमनदीप सिंह हंस ने कहा कि जब आपका बेटा अस्पताल आया था, उसके बाद कब उसे भर्ती किया गया? कब उसका इलाज शुरू हुआ? सारी चीजें वेरिफाई कर लेंगे। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की टीम करेगी पोस्टमॉर्टम SSP ने बताया कि मृतक के पोस्टमॉर्टम के लिए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की टीम गठित की गई है। इसमें पता चल जाएगा कि मौत कैसे हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। अब मर्डर का केस दर्ज किया है। 5 लोगों को राउंडअप कर लिया है। उन्होंने परिवार को विश्वास दिलाया कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजन शांत हुए। अब परिजन बेटे के शव को लेकर सरकारी अस्पताल गए हैं। वहां अब पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई होगी। दोस्त बोला- 17-18 लोगों ने हमला किया मृतक के दोस्तों ने बताया कि जिन लोगों ने हमला किया, वह करीब 17 से 18 लोग थे। उनमें से एक युवक ने किरच मारी है। वहीं, आरोप लगाया कि पुलिस ने यहां तक इतने नाके लगा रखे हैं, लेकिन रात के समय उस इलाके में कोई नाका नहीं था। इस वजह से हमलावर वहां से भागने में कामयाब रहे। उसने कहा कि यह घटना उस जगह पर हुई, जहां से चंद कदमों की दूरी पर एयरपोर्ट रोड गुजरता है। पुलिस को इस चीज को गंभीरता से लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *