मोहाली में 1.30 करोड़ रुपए की ठगी:वॉट्सऐप ग्रुप पर 800% मुनाफे का लालच दिया, एप पर रकम बढ़कर भी दिखी, निकाल नहीं पाए

पंजाब के मोहाली में वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश करवाने और 800% रिटर्न दिलाने का दावा कर 1.30 करोड़ की धोखाधड़ी हुई है। आरोपियों ने करीब 8 राज्यों में कंपनियों के नाम पर खाते खुलवाए थे। मोहाली निवासी जरनैल सिंह की शिकायत पर पंजाब साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 61(2) (क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी) और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। निवेश के नाम पर हुई ठगी के हर पहलू को पांच प्वाइंट में जानिए 1. 800% रिटर्न का वायदा
जरनैल सिंह ने बताया कि वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश करवाने के नाम पर धोखाधड़ी हुई है। 22 मई को वह एसबीआई सिक्योरिटी के एक वॉट्सऐप ग्रुप में शामिल हुए, जिसमें दो नंबर 96184…… व 75583….. थे। जिन्होंने शेयर मार्केट में निवेश करवाकर 800% रिटर्न का वायदा किया। 2. ऐप डाउनलोड करवाई
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें एक ऐप डाउनलोड करवाई। साथ ही केवाईसी के लिए आधार कार्ड मांगा, जो उन्होंने मुहैया करवा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी एक आईडी बना दी और उसका पासवर्ड भी उन्हें दे दिया। 3.ऐप में हमेशा पैसे बढ़कर दिखते पीड़ित ने बताया कि 22 मई 2025 से 18 अगस्त 2025 के बीच ठगी हुई। पहली बार 28 मई 2025 को 50 हजार रुपए की इन्वेस्टमेंट ऐप के माध्यम से की गई। फिर उन्होंने देखा कि उनके पैसे बढ़े हुए दिख रहे हैं। इसे देखकर उन्होंने 50 हजार रुपए और जमा करवा दिए। इसके बाद भी उनकी रकम पहले की तरह बढ़ी हुई दिखाई दी, जिससे उनका विश्वास बढ़ गया। 4 जून को 60 हजार, 20 जून को 2 लाख 75 हजार 700 रुपए, 1 जुलाई को 13 लाख 53 हजार रुपए, 7 जुलाई को 9.50 लाख, 8 जुलाई को 13.80 लाख और उसी दिन 5.80 लाख रुपए और निवेश किए। इसके बाद भी यह सिलसिला चलता रहा। 17 अगस्त को उन्होंने 17 लाख 40 हजार रुपए जमा करवाए। कुल मिलाकर 1 करोड़ 30 लाख 74 हजार 645 रुपए जमा करवाए। सारी ट्रांजेक्शन बैंक के माध्यम से की गई। उन्होंने खातों का ब्यौरा भी पुलिस को दिया है। 4. पैसे निकालने के नाम पर टैक्स का डर
जब भी उन्होंने पैसे निकालने की बात की तो आरोपी कहते थे कि इस पर टैक्स चुकाना होगा, वरना खाता फ्रीज हो जाएगा और पैसे ब्लॉक हो जाएंगे। इसी डर से वह आरोपियों के खातों में पैसे डालते रहे। इस दौरान उन्होंने अपनी सारी रकम गंवा दी। 5. सात राज्यों में 16 बैंक खाते थे पीड़ित ने बताया कि उन्होंने सात राज्यों में खुले 16 बैंक खातों में पैसे डाले है। खाते उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, बेंगलुरु, उत्तराखंड, गुजरात और अजमेर में खुले थे। सभी खाते कंपनियों के नाम पर खुले थे। कंपनियों के नाम एसएन इंटरप्राइजेस, एसपीवी प्रोडक्शन, संकल्प इंटरप्राइजेस जैसे थे। जिन्हें देखकर पहली नजर में लगता है कि ये असली कंपनियां हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *