यमुनानगर की नहर में मिला युवती का शव:एक बाजू पर राजेश, दूसरी पर दिव्या लिखा; हाथ में मंगलसूत्र लिपटा हुआ था

यमुनानगर शहर के पुराना सहारनपुर रोड स्थित फतेहपुर पुल के नीचे पश्चिमी यमुना नहर में एक अज्ञात युवती का शव मिला है। सूचना मिलते ही सीआईए और थाना बुडिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। फिलहाल पुलिस युवती की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार युवती का शव पानी में दिखाई दिया था। सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलने के बाद एसआई सतीश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास मौजूद लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। बाजू पर राजेश व दिव्या गुदा हुआ जांच के दौरान युवती ने जींस और टॉप पहना हुआ था और उसके हाथ में एक मंगलसूत्र लिपटा हुआ मिला। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली तो कपड़ों से ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी पहचान हो सके। हालांकि युवती की एक बाजू पर “राजेश” और दूसरी बाजू पर “दिव्या” नाम गुदा हुआ मिला है। प्रारंभिक जांच में युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है, ताकि उसकी शिनाख्त हो सके। साथ ही शव की फोटो आसपास के थानों में भी भेजी गई है और हाल ही में लापता हुई युवतियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा पुलिस का कहना है कि युवती की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *