यमुनानगर की महिला से अमृतसर में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां स्क्रैप डीलर पति पर जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाने, मारपीट करने और दहेज में कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता ने बताया है कि उसके जेठों ने भी उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं, छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मारपीट कर धमकाया। इतना ही नहीं, आरोप है कि एक जेठ ने उसे जान से मारने की नीयत से सीढ़ियों से धक्का तक दिया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति मनमीत सिंह, सास सुरिंद्र कौर और जेठ जसबीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार की मांग कर करते थे प्रताड़ित जगाधरी सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2 दिसंबर 2022 को मनमीत सिंह निवासी बाग वाला खुं, जंडीयाला गुरू, जिला अमृतसर के साथ हुआ था, जो पेशे से स्क्रैप डीलर है। विवाह में उसके मायके पक्ष ने करीब 10 लाख रुपये खर्च कर दान-दहेज, सोने-चांदी के जेवर, फर्नीचर व अन्य घरेलू सामान दिया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। शिकायत के अनुसार पति मनमीत सिंह, सास सुरिंद्र कौर, ससुर नरेंद्र सिंह, जेठ रिक्की मल्होत्रा उर्फ जसबीर सिंह और गुरमीत सिंह लगातार कार की मांग को लेकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। जेठ पर कपड़े फाडने और सीढ़ियों से धकेलने का आरोप शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सास सुरिंद्र कौर उसे रसोई में जाने तक नहीं देती थी, गाली-गलौज करती थी और पति से तलाक दिलवाने की धमकियां देती थी। वहीं पति मनमीत सिंह पर उसने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। इसके अलावा जेठ गुरमीत सिंह पर बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर परिवार द्वारा ही उसे धमकाने का आरोप लगाया गया। दूसरे जेठ रिक्की मल्होत्रा पर भी मारपीट, कपड़े फाड़ने और जान से मारने की नीयत से सीढ़ियों से धक्का देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दो साल की बेटी के साथ घर से निकाला शिकायतकर्ता के अनुसार गर्भावस्था के दौरान भी उसे प्रताड़ित किया गया और 8 सितंबर 2023 को बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष ने खुशी जताने के बजाय उसे ताने दिए और बेटी को बोझ बताया। जनवरी 2024 में उसे बच्ची सहित घर से निकाल दिया गया, हालांकि पंचायत के बाद उसे वापस रखा गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। 23 अक्टूबर 2025 को आरोपियों ने दोबारा कार की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की और उसे उसकी दो साल की बेटी सहित घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने मायके में रह रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।