यमुनानगर झील में मिला टूरिज्म विभाग के कुक का शव:कल शाम से था लापता, पार्क में मिले जूते; दो बच्चों का पिता

यमुनानगर जिले में आज ओपी जिंदल पार्क की झील में टूरिज्म डिपार्टमेंट के एक कुक का शव मिला है। बताया जा रहा है कि कुक सोमवार शाम को पार्क में घूमने के लिए आया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह जब वे उसे ढूंढते हुए पार्क पहुंचे, तो झील के पास उसके जूते पड़े मिले, जिसके बाद गोताखोरों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोताखोर और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने पानी में उतरकर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान 57 वर्षीय श्याम लाल निवासी तीर्थ नगर के रूप में हुई है। श्याम लाल दो बच्चों का पिता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेज दिया है। रातभर तलाशते रहे परिजन तीर्थनगर के प्रिंस ने बताया कि उसके पिता टूरिज्म डिपार्टमेंट में कुक थे। सोमवार शाम को वह अपनी ड्यूटी से वापस घर लौटे थे। इसके बाद वह रोजाना की तरह शाम को ओपी जिंदल पार्क में सैर करने के लिए निकले थे। रात करीब आठ बजे तक जब वह वापस नहीं आए, तो परिवार ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं मिला। प्रिंस ने बताया कि इसके बाद वे रातभर अलग-अलग जगहों पर पिता की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वे पिता को ढूंढते हुए ओपी जिंदल पार्क पहुंचे। यहां झील के किनारे उनके पिता के जूते पड़े मिले, जिन्हें देखकर पानी में डूबने की आशंका हुई। झील के पानी का सैंपल भी लिया इसके बाद उन्होंने तुरंत गोताखोरों को सूचना दी। सूचना मिलने के कुछ समय बाद गोताखोर और सिटी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों ने पानी में डुबकी लगाकर श्याम लाल की तलाश शुरू की। थोड़ी मशक्कत के बाद पानी में शव बरामद हुआ। टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने जांच के लिए मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया। वहीं पुलिस ने झील के पानी का सैंपल भी जांच के लिए लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *