यमुनानगर के जठलाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर काम से घर लौट रहा था, तभी गांव से पहले गूगा माड़ी के पास पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव जयपुर निवासी विक्रम के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया। वहीं मृतक के पिता के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार का सबसे छोटा बेटा था जठलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में मांगा राम निवासी गांव जयपुर ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है और उसके तीन बच्चे हैं—दो बेटे और एक बेटी। बड़े बेटे का नाम साहिल, छोटे बेटे का नाम विक्रम और बेटी का नाम काजल है। तीनों की शादी हो चुकी है। उसका बेटा विक्रम भी मजदूरी का काम करता था। मांगा राम ने बताया कि सुबह उसका बेटा विक्रम अपने गांव के ही जोगिन्द्र के साथ उसकी प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पांसरा में मजदूरी करने गया था। शाम करीब सात बजे जब दोनों काम खत्म कर वापस अपने गांव जयपुर लौट रहे थे और गांव से थोड़ा पहले बनी गूगा माड़ी के पास पहुंचे, उसी समय मांगा राम भी खेत में मजदूरी करने के बाद सड़क के रास्ते घर जा रहा था। कार की टक्कर से खेत में पलटी बाइक उसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार कार चालक लापरवाही और गफलत से गाड़ी चलाते हुए आया और आते ही उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। उस समय मोटरसाइकिल विक्रम चला रहा था। टक्कर लगते ही विक्रम और जोगिन्द्र दोनों मोटरसाइकिल सहित सड़क से नीचे खेत में जा गिरे और मोटरसाइकिल भी पलट गई। मांगा राम ने बताया कि वह तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचा और दोनों को संभाला। कार चालक टक्कर मारने के बाद कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन बाद में फरार हो गया। थोड़ी देर बाद सूचना मिलने पर उसका बड़ा बेटा साहिल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की इसके बाद साहिल ने राहगीरों की मदद से एक निजी वाहन का इंतजाम किया और घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर ले गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्रम को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही जठलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं विक्रम के पिता की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।