यमुनानगर में कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर:साले की मौत, जीजा और सवारी घायल; अगले माह बनने वाला था पिता

यमुनानगर में सोमवार को कार और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में रिक्शा ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार उसका जीजा और एक अन्य सवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ई-रिक्शा ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके जीजा और अन्य सवारी को भर्ती कर लिया गया। हादसे के बाद आरोपी कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान रवि (35) निवासी गांधी नगर के रूप में हुई है। उसकी पत्नी 8 माह की गर्भवती है। अगले ही माह रवि पिता बनने वाला था। पीछे से तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर हादसे में घायल रवि के जीजा (चंडीगढ़ निवासी) राज ने बताया कि वह रविवार को रादौर में एक रिश्तेदारी में शादी में आया था। शादी के बाद वह उसी शाम अपने ससुराल गांधी नगर आ गया था। आज दोपहर उसे चंडीगढ़ वापस जाना था। इसी दौरान उसके साले रवि ने उसे किसी काम से दोबारा रादौर चलने के लिए कहा। राज ने बताया कि वह रवि के साथ ई-रिक्शा में सवार चल पड़े। रास्ते में एक अन्य सवारी भी ई-रिक्शा में बैठ गई। जैसे ही वे दौड़ंग गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने सीधे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे। जीजा की नांक की हड्डी टूटी हादसा इतना भयावह था कि रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल की। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। राज की नाक की हड्डी टूट गई है, जबकि अन्य सवारी के पैर में चोट आई है। घर में गूंजने वाली थी किलकारी राज ने बताया कि रवि की पत्नी हरप्रीत कौर आठ माह की गर्भवती है। जैसे ही उसे हादसे की सूचना मिली, वह बेसुध हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। रवि की शादी को दो साल हो चुके थे और अगले ही माह घर में किलकारी गूंजने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *