यमुनानगर में कोर्ट के अकाउंटेंट ने किया सुसाइड:पत्नी को VIDEO कॉल कर नहर में लगाई छलांग, नोटिस से डिप्रेशन में था

यमुनानगर में आज शनिवार को कोर्ट के अकाउंटेंट ने फतेहपुर पुल से पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर नहर का दृश्य दिखाया और कहा कि वह इसमें कूदने जा रहा है। पत्नी के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग तुरंत हरकत में आए। जिन्होंने पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गोताखोर और एसडीआरएफ टीम फतेहपुर पुल पर पहुंची। पुल के ऊपर उसकी बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान सुरेश कुमार (55) निवासी गांधी धाम कॉलोनी, जगाधरी के रूप में हुई है। वह दो बच्चों का पिता था और दोनों बच्चे विदेश में रहते हैं। सुरेश सेशन कोर्ट में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। एंबुलेंस के माध्यम से शव को सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नोटिस के बाद से था तनाव में परिजनों और परिचितों के अनुसार, कोर्ट में ट्रांजेक्शन संबंधी गलती को लेकर सुरेश कुमार को नोटिस जारी किया गया था। बताया जा रहा है कि इसी कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। पत्नी को वीडियो कॉल पर उसने कहा कि वह “दुनिया को अलविदा” कहने जा रहा है। सुरेश के पड़ोसी राजेश भारद्वाज ने बताया कि वह सुबह मंदिर के लिए निकला था, तभी सुरेश की पत्नी घबराते हुए उसके पास आई और बताया कि सुरेश ने वीडियो कॉल कर नहर में कूदने की बात कही है। इसके बाद तुरंत पुलिस और गोताखोरों को सूचित किया गया। पुलिस जांच में जुटी वह तुरंत फतेहपुर पुल पर पहुंचे तो यहां पर देखा कि पुल के ऊपर सुरेश की बाइक खड़ी थी। मौके पर गोताखोर भी पहुंच गए। पानी में करीब एक घंटे सर्च करने के बाद सुरेश का शव बरामद हुआ। राजेश ने बताया कि उन्हें पता चला है कि सुरेश को कोर्ट की तरफ से कोई नोटिस लगा हुआ था, जिसकी वजह से वह परेशान चल रहा था और शायद उसकी वजह से ही उसने सुसाइड किया है। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी सुमन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *