यमुनानगर में घर में घुसा ‘ढोंगी साधु’:बिजली कर्मी की पत्नी से गहने छीनने की कोशिश; शोर मचाने पर भागा

यमुनानगर के थाना बुडिया क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से गहने छीनने की कोशिश का मामला सामने आया है। साधु के भेष में आए अज्ञात व्यक्ति ने घर में अकेली महिला को निशाना बनाया, लेकिन शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता अनु गर्ग पत्नी अगम गर्ग, निवासी गांव रामपुर खादर ने अपनी दरखास्त में बताया कि वह एक घरेलू महिला है। उसके ससुर गीता राय घर के पास करियाने की दुकान चलाते हैं और उसके पति बिजली बोर्ड में नौकरी करते हैं। बातों में उलझाकर स्नेचिंग का प्रयास गुरुवार उसके पति ड्यूटी पर जगाधरी गए हुए थे तथा ससुर निजी काम से नजदीकी गांव खदरी गए थे, जिससे वह घर पर अकेली थीं। सुबह लगभग 10:15 बजे एक अज्ञात व्यक्ति, जो बाबा साधु के भेष में था, उनके घर भीख मांगने के बहाने आया। घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसे बातों में लगा लिया। बातों-बातों में उलझाकर उसने उनसे गहने छीनने की कोशिश की। महिला ने कहा कि उसने उसका विरोध किया लेकिन आरोपी लगातार गहने छीनने की कोशिश में लगा रहा। ऐसे में महिला ने शोर मचाया जिससे वह साधु मौके से भाग गया।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में कर रही तलाश महिला ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में स्नैचिंग के प्रयास का मामला पाए जाने पर थाना बुडिया में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 और 62 के तहत मुकदमा नंबर 31 दिनांक 12 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी एसआई इमतियाज अली ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्र में आरोपी की तलाश कर रही है और लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *