यमुनानगर जिले के कलानौर पुलिस चौकी क्षेत्र में बीती रात हुए सड़क हादसे में घायल युवक ने आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। युवक स्कूटी पर सवार होकर जिरकपुर से सहारनपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर ट्राली ने उसे टक्कर मार दी। मृतक की पहचान सहारनपुर के हसनपुर मोहल्ला निवासी रोहित गर्ग (35) के रूप में हुई है। अस्पताल से मौत की सूचना मिलते ही कलानौर चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर ट्राली ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। ट्रैक्टर-ट्राली ने साइड से मारी टक्कर चौकी प्रभारी राजीव ने बताया कि रोहित सहारनपुर का रहने वाला था, लेकिन फिलहाल वह जिरकपुर में अपने एक दोस्त के पास रह रहा था। सोमवार की रात को वह स्कूटी पर जिरकपुर से सहानपुर जा रहा था। इस दौरान उसके साथ उसकी परिचित एक महिला थी। जैसे ही वे दोनों मडोली वाले मोड के पास पहुंचे तो साइड में चल रही ट्रैक्टर-ट्राली ड्राइवर ने अचानक से कट मार दिया, जिससे वे स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए। हादसे को रोहित को गंभीर चोट आई। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पीजीआई ले जाते समय तोड़ा दम दोनों घायलों को राहगीरों ने तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया। जहां पर रोहित की गंभीर हालत देखते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। कुछ समय बाद रोहित के परिजन भी पहुंच गए थे। रोहित को पीजीआई के बदले लोकल प्राइवेट अस्पताल लेकर गए, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने के चलते वहां पर भी उसे पीजीआई ले जाने की सलाह दी। ऐसे में उसके परिजन उसे पीजीआई के लिए लेकर रवाना हुए, जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। राजीव ने बताया कि उन्हें सुबह अस्पताल से सूचना मिली तो मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। वहीं परिजनों की शिकायत ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।