यमुनानगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर अधेड़ की मौत:दो बच्चों का पिता, पशुओं को चारा डालने जा रहा था, ड्राइवर फरार

यमुनानगर के रादौर क्षेत्र के गांव रपौली में पशुओं को चारा डालने जा रहे व्यक्ति की बीच रास्ते में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर लगने के कारण मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के बीचों-बीच बिना किसी चेतावनी संकेत के लापरवाही से खड़ी थी, जिससे यह जानलेवा दुर्घटना हुई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि रादौर थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जसविंद्र सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) निवासी गांव रपौली के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह सुबह पशुओं को चारा डालने और दूध निकालने के लिए घर से निकला था। दो बच्चों का पिता था पुलिस को दी शिकायत में रपौली निवासी महिंद्र सिंह ने बताया कि उसके परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं तथा सभी की शादी हो चुकी है। उसका छोटा भाई जसविन्द्र सिंह भी शादीशुदा था, जिसके एक बेटा और एक बेटी हैं। जसविंद्र सिंह पिछले लगभग एक साल से हरविंद्र सिंह निवासी नमदारपुर के यहां नौकरी कर रहा था। वह रोजाना हरविंद्र के पशुओं को चारा डालने और दूध निकालने के लिए काम पर जाता था। मंगलवार को भी जसविन्द्र सिंह रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल पर काम के लिए निकला। भाई को राम-राम करके निकला था उसी समय वह खुद भी गांव की सड़क पर टहलने के लिए निकला हुआ था और जसविन्द्र सिंह ने उसे रास्ते में राम-राम कहा। आगे कुछ दूरी पर सड़क के बीचों-बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना किसी संकेतक, रिफ्लेक्टर या चेतावनी बोर्ड के खड़ी थी, जिससे दूर से उसका पता नहीं चल सकता था। अंधेरे के कारण पीछे से आ रही जसविन्द्र सिंह की मोटरसाइकिल उस खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे गंभीर दुर्घटना हुई और जसविन्द्र सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। महिन्द्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक वहां आया, जिसे उसने देख लिया और पहचान सकता है, लेकिन गांव के लोग इकट्ठा होने पर चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज किया इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जसविन्द्र सिंह को निजी वाहन से सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में स्पष्ट कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने लापरवाही से वाहन सड़क के बीच खड़ा किया था और कोई चेतावनी चिन्ह नहीं लगाया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। जांच अधिकारी के अनुसार हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सड़क पर बिना संकेतक खड़ी ट्रॉली को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन सड़क पर खड़ा करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *