यमुनानगर में हिंदू युवती लापता होने पर रोड जाम:महापंचायत के बाद भड़के लोग; बोले- सुरक्षित घर आने तक जारी रहेगा आंदोलन

यमुनानगर के व्यासपुर के पिपली वाला गांव की लापता युवती के मामले ने अब संवेदनशील रूप ले लिया है। बताया जा रहा है कि लापता युवती हिंदू समुदाय से है, जबकि जिस युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है, वह मुस्लिम समुदाय से है। इस कारण मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस प्रशासन को युवती की बरामदगी को लेकर दिया गया अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद आज रविवार को महापंचायत हुई। जिसमें सैकड़ों ग्रामीण व हिंदू संगठन से जुड़े लोग शामिल हुए। पंचायत के बाद आक्रोशित लोगों ने व्यासपुर चौक पर जाम लगा दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएसपी हरविंद्र सिंह खुद मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। वहीं, डीएसपी रजत गुलिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि CIA टीम भी युवती को ढूंढने का प्रयास कर रही है। हिदू संगठन से जुड़े महिपाल आर्यन ने कहा कि दो दिन पहले गांव की 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर एक मुस्लिम युवक अपने साथ ले गया। इसके बाद से युवती का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पहले भी ग्रामीणों ने पुलिस चौकी रंजीतपुर में एकत्रित होकर युवती की जल्द बरामदगी की मांग की थी, जिस पर पुलिस ने आश्वासन दिया था। पंचायत के बाद भड़के ग्रामीण ग्रामीणों ने उस दिन 29 मार्च सुबह 10 बजे तक युवती को बरामद करने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन समय सीमा खत्म होने के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया। आज पंचायत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक युवती सुरक्षित वापस नहीं मिलती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस की विशेष टीमें जांच कर रहीं उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें बनाकर जांच की जा रही है और जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। मौके पर पुलिस अधिकारी लगातार समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *