यमुनानगर मे रेलवे लाइन के पास मिला युवक का शव:2 दिन से था लापता, मुंह में कपड़ा ठूंसा, परिजन बोले-लड़की से मिलेने गया था

यमुनानगर जिले के बाड़ी माजरा तीर्थ नगर क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास आज रविवार सुबह मिले युवक के शव की पहचान 21 वर्षीय राजीव निवासी शंकरपुरी कॉलोनी छोटी लाइन के रूप में हो गई है। वह दो दिन से घर से लापता था हैरानी की बात यह है कि जिस दिन उसका जन्मदिन था, उसी दिन उसका शव संदिग्ध हालात में मिला। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी साजिश का प्रतीत हो रहा है। मुंह में कपड़ा, ऊपर चिपकाया पदार्थ, गले पर गहरे निशान पुलिस के अनुसार, शव की हालत बेहद संदिग्ध थी। राजीव के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और ऊपर से चिपकाने वाला पदार्थ (फेविकोल जैसा) लगाया गया था। गले पर गहरे निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका मजबूत हो गई है। मौके से एक महिला का दुपट्टा और कुछ दूरी पर युवक का एक जूता भी बरामद हुआ, जिससे संघर्ष की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना डायल 112 पर मिलने के बाद डीएसपी, सीआईए और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए। शव को सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवाया गया है। दो दिन से था लापता, मां बोली- “स्नेहा से मिलने गया था” मृतक की मां ज्योति ने बताया कि राजीव 2 दिन से घर नहीं आया था। परिवार के अनुसार, वह पिछले काफी समय से स्नेहा नाम की युवती से बातचीत करता था और उसने अपनी छाती पर उसके नाम का टैटू भी गुदवाया हुआ था। परिजनों का कहना है कि राजीव के लापता होने पर उन्होंने स्नेहा से संपर्क किया तो उसने बताया कि राजीव उससे मिलने आया था। चौंकाने वाली बात यह है कि जहां राजीव का शव मिला, वहीं के आसपास स्नेहा का घर भी है। 10 साल पुराने रिश्ते में था ‘अमित’, दी थी धमकी परिवार का आरोप है कि स्नेहा का करीब 10 साल से अमित नामक युवक के साथ संबंध था। अमित ने कई बार राजीव को स्नेहा की जिंदगी से दूर रहने की चेतावनी दी थी। परिजनों का सीधा आरोप है कि स्नेहा और अमित ने मिलकर राजीव की हत्या की है। राजीव के बड़े भाई ने बताया कि वह डीजे की दुकान पर पिछले 8 साल से काम कर रहा था और मेहनत-मजदूरी से परिवार का सहारा बना हुआ था। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। तीन भाइयों और एक बहन में राजीव दूसरे नंबर पर था। हर एंगल से जांच, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और अन्य आपराधिक एंगल से मामले की जांच कर रही है। रेलवे लाइन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। पुलिसकर्मी प्रदीप सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त हो चुकी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *