यमुनानगर सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत:मां-बेटा घायल, तीनों रिश्तेदारी में जा रहे थे; ट्रैक्टर-ट्राली और ऑटो के बीच फंसे

यमुनानगर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। रादौर रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां और नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मोहम्मद हसन पुत्र फारुख निवासी गांव चांदपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह आगे चल रहे ऑटो से भी जा भिड़ी और तीनों सवार वाहनों के बीच फंसकर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। तीनों रिश्तेदारी में जा रहे थे शिकायतकर्ता अमजद खान निवासी गांव चांदपुर ने फर्कपुर थाना पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है, उसके चचेरे भाई मोहम्मद हसन अपनी काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर अपनी मां अकबरी और 13 वर्षीय बेटे जायद के साथ गांव दुधला रिश्तेदारी में जा रहे थे। जब वे रादौर रोड पर विश्वकर्मा फर्नीचर के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक आगे चल रहे एक अज्ञात ऑटो से भी टकरा गई, जिससे हसन, उनकी मां और बेटा दोनों वाहनों के बीच फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मुलाना के अस्पताल में तोड़ा दम राहगीरों ने तुरंत निजी वाहन की व्यवस्था कर उन्हें गाबा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद हसन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एमएम मुलाना अस्पताल, जिला अंबाला रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात मोहम्मद हसन की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा जायद अभी भी उपचाराधीन है। सूचना मिलते ही फर्कपुर थाना पुलिस एमएम मुलाना अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। वहीं मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *