मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार एसी स्लीपर बस पलट गई। हादसे में 20 यात्री घायल हुए। इनमें 3 गंभीर है। उन्हें आगरा रेफर किया गया है। बस नोएडा से रायबरेली जा रही थी। 35 यात्री सवार थे। हादसा रात में 1.15 बजे बलदेव थाना इलाके में हुआ। हादसे के वक्त बस की स्पीड इतनी तेज थी कि पलटने के बाद भी कई मीटर तक घिसटती चली गई। करीब 25 मिनट बाद पुलिस पहुंची तो ज्यादातर यात्री अंदर फंसे थे। चीख-पुकार मची थी। कई यात्रियों के सिर, हाथ-पैर से खून निकल रहा था। पुलिस ने शीशा तोड़कर जैसे-तैसे यात्रियों को बाहर निकाला। नजदीकी अस्पताल भेजा। हादसे की तस्वीरें… बस की स्पीड अधिक होने के कारण हादसा थाना प्रभारी रंजना सचान के मुताबिक यात्रियों से पूछताछ में पता चला कि बस नंबर- UP 22 AT 2877 रविवार रात को नोएडा से रवाना हुई थी। शादी के सीजन के चलते बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी। उसमें 35 सवार थे। अधिकांश सो रहे थे बस की स्पीड काफी तेज थी। 1.15 बजे जैसे ही बलदेव इलाके में पहुंची। अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर चीख पुकार मच गई। 3 गंभीर मरीज आगरा और 17 मथुरा जिला अस्पताल में भर्ती राहगीरों ने देखा तो फौरन पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के 13 मिनट के भीतर 1 बजकर 28 मिनट पर पुलिस पहुंच गई। शीशा तोड़कर 20 घायलों को निकाला गया। उसके बाद एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कालेज और 17 यात्रियों को मथुरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आधे घंटे तक लगा रहा जाम बस पलटने के कारण सड़क पर जाम लग गया था। फौरन क्रेन को बुलाया गया। क्रेन ने 10 मिनट के अंदर क्रेन को न रास्ते से हटाया। उसके बाद यातायात शुरू हो पाया। यात्री बोला- सीट से गिरने पर एक्सीडेंट का पता चला अस्पताल में भर्ती एक घायल यात्री ने बताया कि बस अचानक से पलट गई। हमें जोर का झटका लगा। हम सीट से नीचे गिर गए। अंदर अंधेरा था, कुछ समझ ही नहीं आ रहा था। काफी देर बाद हमको बाहर निकाला गया। हादसे में घायल ज्यादातर यात्री रायबरेली और अमेठी के हैं। पुलिस के अनुसार- हादसे के दो कारण नजर आ रहे हैं। पहला, ड्राइवर को झपकी, दूसरा तेज स्पीड। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।