युवक की हत्या कर दोस्तों ने शव ब्यास पुल के पास फेंका; माहलों का युवक गिरफ्तार, पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया

भास्कर न्यूज | अमृतसर/होशियारपुर/नवांशहर जिला अमृतसर के अधीन आते ब्यास कस्बे के पास 4 अक्टूबर को पुल से पहले बनी सर्विस लेन पर पेट्रोल पंप के समीप क्रेटा सवार कुछ लोगों ने एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में मृतक की पहचान होशियारपुर जिले के सैलाखुर्द के निकटवर्ती गांव मोला वाहद पुर के सतनाम सिंह उर्फ सत्ता के रूप में हुई। सत्ता गांव मोला वाहद पुर में अपनी मां के साथ रहता था। वीरवार सायं गांव में सत्ता के बारे में गांव के लोग ही नहीं बल्कि उसकी मां ने भी कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। ब्यास की पुलिस मामले की जांच में लगी थी। पुलिस ने वीरवार को पूरे मामले की गुत्थी को सुलझाया है। सतनाम का कत्ल उसके दोस्तों ने ही िकया है। फिलहाल कत्ल का कारण सामने नहीं आया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या का कारण सामने आएगा। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को वारदात में इस्तेमाल की कार के साथ नवांशहर से काबू किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बलविंदर सिंह उर्फ प्रिंस निवासी माहलों, नवांशहर के रूप में हुई जिसे पुलिस ने काबू कर कोर्ट में पेश करने के बाद चार दिन का रिमांड मिला है। पुलिस के अनुसार गोलियां मारने वाले आरोपी शविंदर कौल उर्फ ईशू बाबा निवासी उच्चा और उसके दो साथी अमन निवासी गांव जेठपुर जालंधर, सुखविंदर सिंह उर्फ रंगी निवासी माहलों नवांशहर अभी फरार चल रहे हैं। सभी आरोपियों को केस में नामजद किया। एसएचओ ब्यास शमशेर सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर बाज, गोपी और हैप्पी, नाम के टैटू बने हुए थे। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि व्यक्ति की हत्या गोली मारकर की गई थी। इस संबंधी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड कर रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ में हत्या करने की वजह का खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *