बक्सर में शादी से दो महीने पहले युवती का शव बोरे में बंद मिला है। बताया जा रहा है कि घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान युवती घर से गायब हो गई। पांच दिन बाद उसका शव स्कूल के पास ग्रामीणों ने देखा, फिर पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना चक्की थाना क्षेत्र के चुन्नी डेरा के चक्की गांव की है। मृतका की पहचान बालेश्वर यादव की बेटी सुनीता कुमारी (18) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इससे परिवार वाले नाराज थे। घटना की सूचना मिलने के बाद SP शुभम आर्य ने एफएसएल टीम को मौके पर भेजा है। पुलिस ने बताया कि 5 दिन पहले ही युवती की हत्या की गई है। शव पुराना दिख रहा है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें… बदबू फैलने से खुला हत्या का राज ग्रामीणों के मुताबिक, सरकारी विद्यालय के पीछे एक गड्ढा है, जिससे काफी बदबू फैल रही थी। शिक्षकों को शक हुआ तो पास जाकर देखा। बोरा फट गया था, जिसमें शव दिखाई दिया। फिर पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद डुमरांव एसडीपीओ, स्थानीय थाने की पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। भाई बोला- घर से चीनी लेने निकली थी मृतका के भाई बलजीत यादव ने बताया कि 16 फरवरी की शाम सुनीता घर के आंगन में सेवई बना रही थी। लेकिन घर में चीनी नहीं था। वह पास की दुकान से चीनी लेने की बात कहकर निकली, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। तब से ही परिवार के लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। मृतका की मां ने बताया कि सुनीता की शादी तय हो चुकी थी। 4 अप्रैल को तिलक की रस्म होनी थी और अगले महीने विवाह होने वाला था। घर में तैयारियां चल रही थी। हालांकि, ग्रामीणों में चर्चा है कि सुनीता का एक युवक से प्रेम संबंध था और इसे लेकर नाराजगी की बात भी सामने आ रही है। कुछ स्थानीय लोग ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं, लेकिन फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। युवती के पिता आसनसोल में करते हैं दूध के कारोबार युवती के पिता बालेश्वर यादव पेशे से दूध व्यवसायी हैं और आसनसोल में कारोबार करते हैं। वे करीब 15 दिन पहले आसनसोल गए है, उन्हें घटना की सूचना फोन पर दी गई। परिवार के मुताबिक, 16 फरवरी की शाम सुनीता गायब हुई थी। इसके बाद हम लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद 17 फरवरी को चक्की थाने में मौखिक शिकायत दर्ज कराई। युवती के कमरे को भी खंगाला जा रहा डुमरांव डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। युवती के कमरे को भी खंगाला गया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।