युवाओं के लिए उद्यमिता को एक अच्छा मार्ग- प्रिंसिपल:राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को स्टार्टअप के लिए किया गया प्रेरित

शेखपुरा। स्थानीय राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टार्टअप सेल द्वारा चाणक्य प्रबंधन संस्थान, पटना के सहयोग से एक उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज के सेमिनार हॉल में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप तिवारी के संबोधन से हुई। उन्होंने युवाओं के लिए उद्यमिता को एक अच्छा मार्ग बताया। डॉ. तिवारी ने छात्रों से अपने आसपास की समस्याओं को समझकर उनका समाधान खोजने और समाज के लिए योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. जयशंकर प्रसाद केशरी ने पढ़ाई के साथ-साथ उद्यमिता की जानकारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को आगे बढ़ने के लिए सही दिशा प्रदान करते हैं। स्टार्टअप सेल के फैकल्टी प्रभारी प्रोफेसर संदीप कुमार ने कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में नई सोच और कुछ अलग करने की भावना को बढ़ावा देना बताया। उन्होंने छात्रों को अपने विचारों पर विश्वास रखने की सलाह दी। मुख्य वक्ता प्रिया नाथ ने बताया कि किसी भी उद्यम की शुरुआत समस्या की पहचान से होती है। उन्होंने छात्रों को रोजमर्रा की छोटी समस्याओं पर ध्यान देने और उनके सरल समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। प्रिया नाथ ने धैर्य, मेहनत, सीखने की इच्छा और लगातार प्रयास को एक सफल उद्यमी के आवश्यक गुण बताया। दूसरे वक्ता विवेक कुमार ने उद्यमिता के सफर में आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शुरुआती मुश्किलें स्वाभाविक हैं, लेकिन उनसे डरना नहीं चाहिए। गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग है। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। छात्रों ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *