यूपी की बड़ी खबरें:ISIS आतंकी हारिश से ATS करेगी पूछताछ, लखनऊ NIA कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड पर सौंपा

लखनऊ में आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। एनआईए कोर्ट ने प्रतिबंधित संगठन ISIS से जुड़े सहारनपुर निवासी हारिश को 5 दिन की रिमांड पर एटीएस को सौंपा है। एजेंसियां उससे नेटवर्क, फंडिंग और अन्य संदिग्धों के बारे में पूछताछ करेंगी। जांच एजेंसियों के मुताबिक हारिश पर इंटरनेट मीडिया के जरिए युवाओं को जिहाद के लिए उकसाने और ISIS की विचारधारा का प्रचार करने का आरोप है। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। एटीएस को शक है कि उसके संपर्क में कई और युवक भी थे, जिनकी पहचान की जा रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर इलेक्ट्रिशियन बच्चियों से करता था छेड़छाड़, सोनभद्र में 1KM तक पीटते हुए थाने ले गए लोग सोनभद्र में बच्चियों से छेड़छाड़ के आरोपी इलेक्ट्रिशियन को परिजनों और भीड़ ने जमकर पीटा। उसे करीब 1 KM तक पीटते हुए थाने ले गए। आरोपी को भीड़ सड़क पर घसीटती रही। उसे चप्पलों से मारा। आरोप है कि वह घर में बिजली का काम करने आया था। इस दौरान उसने बच्चियों के साथ गलत हरकत की थी। सोमवार को बच्चियों की ट्यूशन टीचर उन्हें गुड टच-बैड टच के बारे में बता रही थीं। इस दौरान दोनों फूट-फूटकर रोने लगी। इसके बाद उसने आपबीती सुनाई। गुस्साए परिजन आरोपी के दुकान पर पहुंचे और उसे पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। मामला अनपरा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… अपर्णा यादव के घर पहुंचीं जया प्रदा, गले लगाया; बंद कमरे में हुई बातचीत लखनऊ में भाजपा नेत्री और मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव से जया प्रदा ने मुलाकात की। जया प्रदा रविवार शाम अपर्णा के आवास पहुंचीं। अपर्णा ने माथे पर तिलक लगाकर स्वागत किया। जया प्रदा ने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया। उन्हें गले भी लगाया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच एक घंटे तक बातचीत हुई। किन मुद्दों पर बात हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि जया प्रदा चुनाव से पहले फिर एक्टिव हो सकती हैं। जया प्रदा ने रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में भी कई नेताओं से मुलाकात की। दरअसल, जया प्रदा ने आंधप्रदेश से राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने 1994 में तेलुगु देशम पार्टी के टिकट से मछलीपट्टनम से लोकसभा चुनाव जीता। 2004 में सपा के दिवंगत नेता अमर सिंह जया प्रदा को यूपी लेकर आए। जया प्रदा ने सपा जॉइन की। 2004 और 2009 में रामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2014 में सपा छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़ीं, लेकिन हार गईं। 2019 में भाजपा जॉइन की। रामपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। 2019 के बाद जया प्रदा सक्रिय राजनीति से दूर रहीं हैं। मुरादाबाद में DIG पर हमले में 12 दोषी करार: 15 साल बाद आया फैसला, 2011 में भीड़ ने घेरा था मुरादाबाद में साल 2011 में तत्कालीन DIG/SSP रहे IPS अशोक कुमार सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में 15 साल बाद कोर्ट का फैसला आया है। कोर्ट ने इस मामले में 12 आरोपियों को दोषी करार दिया है, जबकि सजा पर फैसला अभी बाकी है। यह घटना 6 जुलाई 2011 की है, जब अशोक कुमार सिंह मुरादाबाद में डीआईजी के पद पर तैनात थे। उस दौरान वे हिंसक भीड़ को काबू करने के लिए डीएम की कार से घटनास्थल पर पहुंचे थे। आरोप है कि हालात बिगड़ने पर डीएम वहां से निकल गए और डीआईजी भीड़ के बीच फंस गए। अशोक कुमार सिंह वर्तमान में लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) के पद पर तैनात हैं। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *