यूपी में रसोई गैस सिलेंडर के लिए अभी भी लोग परेशान हैं। कई जगह एजेंसियों पर लंबी लाइन लगी है। कहीं स्टॉक खत्म होने से लोग खाली हाथ लौट रहे हैं। कानपुर में इस बार अचानक मांग बढ़ गई है। बुकिंग तीन गुना तक पहुंच गई। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, पिछले साल 11 से 15 मार्च के बीच 1.76 लाख सिलेंडर बुक हुए थे। इस साल इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 4.90 लाख हो गई। गोंडा में शहर और गांव की स्थिति अलग दिखी। शहर में भीड़ कम रही, लेकिन ग्रामीण इलाकों में लंबी कतारें लगीं। गैस सिलेंडर के लिए लोग सुबह 5 बजे से लाइन में लग गए। ज्योति गैस सर्विस एजेंसी पर हंगामा भी हुआ। दो लोगों ने पीछे से बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान कहासुनी और गाली-गलौज हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। देवरिया में नई व्यवस्था से परेशानी बढ़ गई है। अब ऑनलाइन बुकिंग के बाद एजेंसी जाकर पर्ची कटवाना जरूरी है। पहले सीधे होम डिलीवरी मिल जाती थी। इस बदलाव से एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है। रामपुर में केवाईसी अधूरी होने से कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल रहा। साथ ही घर-घर डिलीवरी भी बंद है। इससे लोगों को एजेंसी तक आना पड़ रहा है। रायबरेली के ऊंचाहार में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जामो गैस एजेंसी पर सुबह 6 बजे से करीब 200 मीटर लंबी लाइन लगी थी। सुबह 10 बजे एजेंसी खुली, लेकिन स्टॉक खत्म होने की बात कहकर बंद कर दी गई। इससे नाराज लोगों ने मैनेजर और पुलिसकर्मियों से नोकझोंक की। कुछ देर तक हंगामा चलता रहा। 3 तस्वीरें देखिए- सिलेंडर से जुड़ी अपडेट्स के लिए नीचे एक-एक ब्लॉग से गुजर जाइए…