यूपी में ट्रफ लाइन ने मानसून को किया कमजोर:6 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, मुरादाबाद में सबसे अधिक हुई बारिश

यूपी में मानसून कमजोर पड़ रहा है। 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 41 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को दिल्ली से सटे जिलों में बारिश हो सकती है। 30 से 50 किमी स्पीड से हवाएं चलेंगी। बिजली भी गिर सकती है। जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। वो जिले हैं- बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाके। यूपी में मंगलवार को बुलंदशहर, जालौन, बहराइच समेत कई शहरों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। आगरा के अजिजपुर में बाल योगी ने जलभराव के बीच चारपाई पर बैठकर प्रदर्शन किया। कुछ युवक उनकी चारपाई को लेकर पानी में इधर-उधर घूमते भी रहे। सपा मुखिया अखिलेश ने वीडियो शेयर योगी सरकार पर तंज कसा। आगरा में ही सावित्री देवी नाम की महिला जल समाधि लेने मनखेड़ा गांव के तालाब में उतर गई। पुलिस ने उसे समझाकर बाहर निकाला। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर 62.58 मीटर पर पहुंच गया। यहां वॉर्निंग लेवल 70.26 है। काशी में 20 से अधिक घाटों में पानी भर गया। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती का स्थान इस सीजन में पहली बार बदलना पड़ा। अस्सी घाट पर भी आरती स्थल के करीब गंगा का जलस्तर पहुंच गया है। नाव पर बैठने के लिए जेटी लगाई गई है। वहीं, जालौन में सड़कें तालाब बन गईं। बच्चे पानी में खेलते नजर आए। इधर, बिजनौर में गंगा का जलस्तर बढ़ने की वजह से मगरमच्छ गांव की धर्मशाला में घुस गया। 10 फीट के मगरमच्छ को देखकर वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे वापस गंगा में छोड़ा। बुंदेलखंड के ललितपुर में तेज बारिश के चलते रोहिणी नदी का पुल डूब गया है। यूपी में नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज में पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 20 सेमी और यमुना का 77 सेमी बढ़ा है। यहां गंगा 78.27 मीटर पहुंच गईं हैं। यह खतरे के निशान से 6 मीटर कम है। मंगलवार सुबह गंगा का पानी रामघाट तक पहुंच गया। ग्रेटर नोएडा में बारिश के चलते 4 मंजिला निर्माणाधीन मकान ढह गया। अगले 3 दिन का मौसम ऐसा रहेगा :
10 जुलाई – पूरे यूपी में बारिश होगी। हवा 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। 11 जुलाई – यूपी में कहीं-कहीं बारिश होगी। हवा 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। 12 जुलाई – पूरे यूपी में बारिश होगी। हवा 30-40Km प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *