यूपी में 60 फीट के झूले के गिरने का VIDEO:घूमते वक्त जमीन से उखड़ा, 5 सेकंड में टूटकर गिरा; 80 लोग बैठे थे

कुशीनगर के मेले में 60 फीट ऊंचे झूले के गिरने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में 5 सेकंड के अंदर झूला घूमते वक्त अचानक जमीन से उखड़ते और फिर गिरते हुए दिखाई दे रहा है। झूले पर बैठे 80 लोग इधर-उधर गिरते दिखाई दे रहे हैं। आसपास खड़े लोगों को खुद को बचाने का मौका भी नहीं मिला। झूले की जद में कई दुकानें भी आईं। 15 सेकंड के वीडियो में चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई दे रही है। लोग दौड़ते-भागते और अपनों को तलाशते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग अपनों को गोद में उठाकर एम्बुलेंस की ओर भाग रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चे खून से लथपथ नजर आ रहे हैं। दरअसल, भैसहां मेले में बुधवार देर रात 11.30 बजे झूला घूमते वक्त उखड़कर गिर गया था। हादसे में 30 लोग घायल हो गए थे। घायलों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे। झूले में 80 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 2 बार घूमने के बाद झूला चरमराने लगा था। इसके बाद लोग चिल्लाने लगे, लेकिन ऑपरेटर ने अनदेखी कर दी। इसके कुछ ही देर बाद तेज आवास के साथ झूला उखड़कर जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद मेला लगवाने वाले ग्राम प्रधान मोहन भारती और महराजगंज के रहने वाले झूला संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। 5 तस्वीरें देखिए… भैसहा मेला 4 दिन के लिए लगता है भैसहा मेला नारायणी नदी के तट पर स्थित दुर्गा मंदिर के पास हर साल चैत्र पूर्णिमा पर लगता है। इस बार यह मेला 30 मार्च से शुरू हुआ था। जो 2 अप्रैल तक चलना था। मेले में पूर्वांचल के अलावा नेपाल और बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। गुरुवार को मेले का आखिरी दिन था। ऐसे में बुधवार शाम से ही मेले में काफी भीड़ थी। देर रात झूला कमजोर फाउंडेशन की वजह से गिर गया। इससे अफरा-तफरी मच गई थी। 10 से ज्यादा घायल मेडिकल कॉलेज रेफर पुलिस के मुताबिक, हादसे में 30 लोग घायल हुए थे। आसपास खड़े लोगों को भी चोटें आई थी। झूला इतना भारी था कि रेस्क्यू में करीब एक घंटे का वक्त लग गया। 6 एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल भेजा। 10 से ज्यादा लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायल लालू गुप्ता ने बताया- जब हम झूले पर चढ़े तभी खट की आवाज आई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। फिर झूला दो बार घूमा और अचानक टूट गया झूले का बेस कमजोर था, इसलिए गिरा प्रशासन ने झूला संचालन में लापरवाही की आशंका जताते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, खड्डा थानेदार संदीप सिंह ने बताया कि झूले की अनुमति एसडीएम से ली गई थी, लेकिन झूला संचालक द्वारा इसमें लापरवाही बरती गई। फाउंडेशन को मजबूत बनाने पर ध्यान नहीं दिया गया। फाउंडेशन जहां बना था, वहां की मिट्‌टी बालू वाली थी। यही वजह है कि जब 80 लोग झूले पर बैठे तो वह वजन नहीं सह पाया और गिर गया। जिम्मेदारों पर एक्शन लेंगे एसडीएम रामबीर सिंह ने कहा- मेले में इस बार भीड़ ज्यादा आ गई, जिसका अनुमान नहीं था। झूले की परमिशन ली गई थी या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है। अभी यह पता लगाने की कोशिश है कि हादसे की असली वजह क्या है। इसके बाद जिम्मेदारों पर एक्शन लेंगे। ——————— ये खबर भी पढ़ेंः- अयोध्या में बुर्का पहनकर लूट करने वाली लड़की हिंदू निकली:खिलौना पिस्टल दिखाकर 3.6 लाख का हार लूटा, बॉयफ्रेंड के साथ बाइक से भागी थी अयोध्या में ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर लूट करने वाली हिंदू लड़की और उसके दोस्त को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। लड़की का नाम पायल (25) और उसके दोस्त का नाम राहुल (27) है। वारदात के वक्त राहुल दुकान से कुछ दूर बाइक लेकर खड़ा था। पायल दुकान से भागकर राहुल के साथ भाग निकली थी। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *