‘योगीजी बिजली का बिल माफ करें’, लिखकर बुजुर्ग का सुसाइड:शाहजहांपुर में 32 हजार बकाया था, बोले- बच्चों को परेशान न किया जाए

शाहजहांपुर में बिजली के बिल से परेशान बुजुर्ग ने फंदे से लटककर जान दे दी। उनकी जेब से सीएम योगी के नाम लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला। बुजुर्ग ने लिखा- मुख्यमंत्री जी, मेरा बिजली का बिल माफ कर दिया जाए। मेरे बाद मेरे बच्चों को परेशान न किया जाए। गांव वालों ने बुधवार दोपहर बुजुर्ग का शव पेड़ से लटका देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान कामेन्द्र विक्रम सिंह के रूप में हुई। घटना पुवायां थाना क्षेत्र के नाहिल गांव की है।
32 हजार का बिजली बिल बकाया था पुवायां के नाहिल गांव के रहने वाले कामेन्द्र विक्रम सिंह पिछले दो-तीन महीनों से मानसिक रूप से परेशान थे। परिवार वालों के मुताबिक, बुधवार की दोपहर कामेन्द्र घर से बाहर निकले थे। तभी पेड़ से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। कामेन्द्र पर करीब 32 हजार रुपए का बिजली बिल बकाया था। उन्होंने ओटीएस योजना के जरिए बिल जमा करने की जानकारी ली थी। लेकिन किसी वजह से योजना का लाभ नहीं मिल सका। अधिकारियों ने उन्हें 17 हजार रुपए किश्तों में जमा करने की बात कही थी। सुसाइड नोट में लिखा- योगी जी कर्ज से परेशान हूं पुलिस को कामेंद्र की जेब से सीएम के नाम लिखा एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें बिजली बिल के अलावा करीब 50 हजार रुपए निजी कर्ज का भी जिक्र है। सुसाइड की सूचना पर एसडीएम और सीओ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के काफी समझाने के बाद परिवार वाले पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए। कामेन्द्र अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। सभी की शादी हो चुकी है। छोटा बेटा सौरभ सिंह उर्फ आदित्य पेस्टीसाइड कंपनी में नौकरी करता है। वह माता-पिता के साथ ही रहता था। जबकि, बड़ा बेटा अच्युत प्राइवेट स्कूल में टीचर है। वह पत्नी के साथ अलग किराए के मकान में रहता है। पुवाया CO प्रवीण मलिक ने बताया- मृतक ने सुसाइड नोट में लोन और बिजली कर्ज से परेशान होने की बात लिखी है। साथ ही लिखा है कि मेरे परिवार और बच्चों को इसकी कोई जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया- एक बुजुर्ग द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। ————————- ये भी पढ़ें… ‘पापा अजित पवार के साथ फ्लाइट है, आपसे बात कराऊंगी’:केबिन क्रू पिंकी का पिता को आखिरी कॉल; यूपी के जौनपुर की रहने वाली थीं “पापा, आज अजित पवार के साथ फ्लाइट है… आपसे बात कराऊंगी।” यूपी की पिंकी माली ने मंगलवार को अपने पिता शिव कुमार से यह कहा था। पिता को नहीं पता था कि बेटी की यह बात उनसे आखिरी बातचीत होगी। अगले ही दिन बुधवार को महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए प्लेन क्रैश में पिंकी की भी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *