रवनीत बिट्‌टू का प्रियंका गांधी पर बड़ा आरोप:लुधियाना में बोले- किसान आंदोलन में मुझे पिटवाकर माहौल बिगाड़ना चाहती थी

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने प्रियंका गांधी व कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। लुधियाना में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए रवनीत सिंह बिट्‌टू ने कहा कि प्रियंका गांधी व कांग्रेस पार्टी किसान आंदोलन के समय उन्हें पिटवाकर माहौल खराब करना चाहती थी। बिट्‌टू ने कहा कि वो दिल्ली पुलिस को प्रियंका गांधी, कांग्रेस पार्टी और योगेंद्र यादव के खिलाफ शिकायत देंगे। बिट्‌टू ने कहा कि छह साल पहले किसान आंदोलन के दौरान प्रियंका गांधी ने उन्हें जबरन योगेंद्र यादव के पास भेजा था। जब वो योगेंद्र यादव के पास पहुंचे तो वहां 500 से ज्यादा खालिस्तान समर्थक बैठे थे। बिट्‌टू ने कहा कि उनके पहुंचते ही योगेंद्र यादव वहां से खिसक गए थे और खालिस्तान समर्थकों ने हमला करने की कोशिश की। उस दौरान कांग्रेस नेता कुलबीर सिंह जीरा की गाड़ी के क्या हाल हुए थे यह सब ने देखा है। बिट्‌टू ने कहा कि प्रियंका गांधी व कांग्रेस उस समय उन पर हमला करवाकर माहौल बिगाड़ना चाहती थी। इसमें योगेंद्र यादव भी उनके साथ थे। इसलिए वो अब पुलिस को शिकायत देंगे और प्रियंका गांधी, कांग्रेस पार्टी व योगेंद्र यादव की भूमिका की जांच करने की मांग करेंगे। बिट्‌टू ने प्रियंका गांधी व योगेंद्र यादव पर आरोप लगाते समय कही ये बातें… मैं व औजला कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर थे: रवनीत सिंह बिट्‌टू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए कहा था। इसलिए वो और अमृतसर से सांसद औजला एक साल तक दिल्ली में सड़क पर धरने पर बैठे रहे। प्रियंका गांधी ने फोन करके योगेंद्र यादव से मिलने को कहा: रवनीत सिंह बिट्‌टू ने कहा कि जब वो धरने पर बैठे थे तो प्रियंका गांधी उन्हें बार बार फोन कर रही थी और उन्हें कह रही थी कि किसान आंदोलन में योगेंद्र यादव से मिलो वो तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं। जिस पर हमने मिलने से मना किया। मुकुल वासनिक जबरदस्ती ले गए: बिट्‌टू ने कहा कि जब उन्होंने जाने से मना किया तो प्रियंका गांधी ने पार्टी के नेता मुकुल वासनिक को भेजा। वो हमें जबरन कार में बैठाकर योगेंद्र यादव के पास ले गए। हमें वहां छोड़कर खुद वापस चले गए। योगेंद्र यादव 500 खालिस्तान समर्थकों को कर रहे थे संबोधित: बिट्‌टू ने कहा कि किसानों ने राजनीतिक दलों को 5 किलोमीटर के दायरे में आने से मना किया था। इस सब के बीच उन्हें वहां भेजा गया। जब वो वहां पहुंचे तो योगेंद्र यादव हॉल में 500 के करीब खालिस्तान समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। जैसे ही मैं वहां पहुंचा योगेंद्र यादव वहां से खिसक गया। खालिस्तान समर्थकों ने की हमले की कोशिश: रवनीत सिंह बिट्‌टू ने कहा कि खालिस्तान समर्थकों के बीच वो अकेले थे। खालिस्तान समर्थकों ने उन पर हमला करने की कोशिश की। हालात इतने बिगड़ गए थे कि उन्होंने कुलबीर जीरा की कार तोड़ दी थी। सांसद को मरवाकर माहौल बिगाड़ने की थी योजना: बिट्‌टू ने प्रियंका गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रियंका गांधी व कांग्रेस पार्टी ने किसान आंदोलन में सांसद यानि उन्हें मरवाकर माहौल बिगाड़ने की योजना बनाई थी। वो मेरे पर मेरी मां और वाहेगुरु की कृपा थी कि बच गया। बच के आया तो मुकुल वासनिक ने मांगी थी माफी: बिट्‌टू ने कहा कि जब वो किसान आंदोलन वाले एरिया से बचकर वापस आए तो मुकुल वासनिक उनके पास आए थे और कहा कि मुझे नहीं पता था कि वहां पर क्या होना है। राजा वड़िंग बोले, बिट्‌टू का बयान बचकाना हरकत
कांग्रेस के प्रधान व लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने X हैंडल पर लिखा कि बिट्‌टू का यह बयान बेहद बचकाना है। उन्होंने कहा कि छह साल पहले हुई घटना में प्रियंका गांधी को घसीटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिट्‌टू अपने आकाओं की नजरों में बने रहने के लिए क्या क्या करने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिट्‌टू को इस बयान से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *