जालंधर | सूरानुस्सी के क्रिकेट मैदान में आयोजित टूर्नामेंट में राइजिंग स्टार ने वर्मा क्रिकेट क्लब को हराकर जीत दर्ज की। मैच के दौरान राइजिंग स्टार के बल्लेबाजों और गेंदबाजों का दबदबा रहा, जिसके चलते टीम ने लक्ष्य को समय से पहले हासिल कर लिया। वर्मा क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में राइजिंग स्टार के सामने जीत के लिए 129 रनों का लक्ष्य रखा। सलामी बल्लेबाज राज ने 40 गेंदों में 60 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। राहुल ने 28 गेंदों में 47 रन बनाए। इन दोनों की शानदार साझेदारी की बदौलत राइजिंग स्टार ने मात्र 11.4 ओवरों में 130 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी से पहले राइजिंग स्टार के गेंदबाजों ने भी अपना दमखम दिखाया और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक जाने से रोका। राहुल ने न केवल गेंदबाजी में सटीक प्रदर्शन किया, बल्कि फील्डिंग के दौरान कैच भी लपका। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।