राघोपुर में आग से 15 घर जलकर राख:शॉर्ट सर्किट से हुई घटना, लाखों की संपत्ति नष्ट; पीड़ितों ने मुआवजे की मांग की

राघोपुर प्रखंड के सैदाबाद पंचायत के वार्ड 3 में सोमवार शाम करीब पांच बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में 15 घर जलकर राख हो गए। आग सिंगेश्वर राय के घर से शुरू हुई। तेज हवाओं के कारण यह परमजीत राय, कलेश्वर राय, मिथिलेश राय, संतोष राय, लाल मोहन राय, गेना राय, लालन राय, पांचू राय, सकलदीप राय, नवदीप राय, अशर्फी राय, अमरजीत राय, हनुमान राय, कारू राय और बमबम कुमार के घरों तक फैल गई। इन सभी घरों में रखे चौकी, बर्तन, बिछावन, जेवर, बक्से, कागजात और अनाज सहित सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग के विकराल रूप को देखते हुए राघोपुर थाना की दमकल को सूचना दी गई। दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। अग्निपीड़ित लाल मोहन राय ने बताया कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी थी और उनके घरों का सारा सामान जल गया, कुछ भी नहीं बचा। घटना के बाद स्थानीय राजद नेता कृष्ण कुमार दास और पीयूष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। कृष्ण कुमार दास ने राघोपुर सीओ से फोन पर बात कर सभी अग्निपीड़ित परिवारों को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *