राजगीर में बिहार वॉटर डेवलपमेंट सोसायटी का प्रशिक्षण कार्यक्रम:बच्चों-शिक्षकों को पर्यावरण और बाल शोषण पर जागरूक किया

राजगीर में बिहार वॉटर डेवलपमेंट सोसायटी सेवा केंद्र, कुर्जी, पटना द्वारा बुधवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम हमारी पाठशाला फेज चार के बच्चों और शिक्षकों के लिए पर्यावरण दिवस और राष्ट्रीय बाल शोषण जागरूकता पर केंद्रित था। कार्यक्रम का उद्घाटन वार्ड पार्षद कविता कुमारी ने किया। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा को समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी बताया। कविता कुमारी ने ग्लोबल रीसाइकलिंग डे का भी जिक्र किया और ‘रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल’ अपनाने तथा हरित भविष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला स्तरीय प्रशिक्षक रमेश कुमार पान ने बच्चों को बाल शोषण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया। राजगीर महिला मंच क्लब की अध्यक्ष अंतरा साव ने बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने की सलाह दी, जिससे बच्चे बेहतर तरीके से सीख सकें। एबीपीएम की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष अनिता कुमारी गुप्ता ने कहा कि ऐसे समारोह बच्चों और उनके अभिभावकों में पर्यावरण संरक्षण तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता लाते हैं। हमारी पाठशाला परियोजना के समन्वयक एलॉयसियस ओस्ता ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और बच्चों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। टीम समन्वयक साहिल राज ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर हमारी पाठशाला फेज चार के शिक्षक किरण कुमारी, आरती कुमारी, सोनू कुमार, सुमन कुमार, राजेश कुमार, दिनेश प्रसाद, राजेश कुमार, भीम पासवान, फिरोज कुमार, रूपा कुमारी, संगीता कुमारी, सुनीता कुमारी, शिवानी कुमारी सहित सभी प्रतिभागी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *