राजा भैया को तोहफे में मिला 1.5 करोड़ का घोड़ा:महाराष्ट्र से AC एंबुलेंस से प्रतापगढ़ पहुंचा, कुंडा विधायक ने तिलक लगाकर किया वेलकम

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बाद अब यूपी के एक और बाहुबली राजा भैया को डेढ़ करोड़ का घोड़ा गिफ्ट में मिला है। ये घोड़ा महाराष्ट्र से एसी एम्बुलेंस से प्रतापगढ़ लाया गया। कुंडा के भदरी किले में राजा भैया ने उसका तिलक लगाकर स्वागत किया। उसे अपने हाथ से गुड़ खिलाया। ये घोड़ा मारवाड़ी नस्ल का है। इसका नाम विजयराज है। इसे बेंती राजभवन के अस्तबल में शामिल कर लिया गया है। बताया जाता है कि कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ को महाराष्ट्र के एक मित्र ने ये घोड़ा तोहफे में दिया है। विजयराज अपनी मजबूत कद-काठी, चमकदार शरीर और राजसी चाल के लिए जाना जाता है। इसका पासपोर्ट बना हुआ है। तीन विजुअल देखिए विजयराज के पासपोर्ट में 3 पीढ़ियों का जिक्र विजयराज के पासपोर्ट में उसकी कद-काठी, रंग और पिछली तीन पीढ़ियों की वंशावली का विवरण दर्ज है। इसकी शुद्ध मारवाड़ी नस्ल को प्रमाणित करने के लिए डीएनए रिपोर्ट भी तैयार की गई है। ऐसे दस्तावेज केवल उच्च श्रेणी के घोड़ों के ही जारी किए जाते हैं। राजा भैया महंगी गाड़ियों, घोड़े और हथियारों के शौकीन हैं। उनके अस्तबल में पहले से ही अरबी और मारवाड़ी नस्ल के कई घोड़े हैं। डेढ़ करोड़ का घोड़ा गिफ्ट में मिलने के बाद राजा भैया एक बार फिर चर्चा में हैं। दो महीने पहले खरीदी थी ढाई करोड़ की कार 2 महीने पहले राजा भैया ने ढाई करोड़ की लग्जरी गाड़ी Lexus LM350h खरीदकर भी सुर्खियों में रहे। 4 सीटर गाड़ी की कीमत है, ₹2.15 करोड़ से शुरू होती है, जो 7-सीटर VIP वेरिएंट के लिए है। वहीं, 4-सीटर अल्ट्रा लग्जरी वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत ₹2.69 करोड़ है। 16 अक्टूबर को खरीदी गई यह गाड़ी 4-सीटर अल्ट्रा लग्जरी वेरिएंट है। उनकी कुंडा की हवेली से लेकर लखनऊ के बंगले तक में करोड़ों की कीमत की गाड़ियां खड़ी हैं। इसके साथ ही उन्हें गाड़ी के नंबर में भी खासी दिलचस्पी है। उनके काफिले की गाड़ियों का नंबर 0001 ही रहता है। इससे पहले पूर्वांचल के बाहुबली नेता धनंजय सिंह ने भी लैंड क्रूजर और वेलफायर गाड़ियां खरीदी थीं। राजा भैया के पास पहले से रेंज रोवर आटोबायोग्राफी जैसी लग्जरी कार है। यह गाड़ी राजा भैया ने 2023 में खरीदी थी। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी थी। साल 2020 में भी उन्होंने करीब 3 करोड़ रुपए की रेंज रोवर डिंफेडर (Range Rover Defender) खरीदी थी। वह उस वक्त पूरे यूपी की पहली डिफेंडर गाड़ी थी। राजा भैया को हथियारों का भी शौक, पत्नी ने लगाए थे आरोप राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने 3 जून, 2025 को पीएमओ में लेटर दिया था। इसमें उन्होंने राजा भैया पर आरोप लगाया था कि उनके पास अवैध विदेशी हथियारों का जखीरा है। इसमें कुछ ऐसे हथियार हैं, जिनसे मास डिस्ट्रक्शन हो सकता है। मतलब- हमले में तमाम लोग मारे जा सकते हैं। राजा भैया के करीबी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और फेक बताया था। 18 सितंबर को गोपाल जी के बयान के बाद भानवी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर हथियारों की फोटो शेयर की और फिर कार्रवाई की मांग की थी। —————– ये खबर भी पढ़ें ‘तेरे जैसों का गुलाम नहीं, सारी नेतागिरी निकाल दूंगा’:यूपी में दरोगा की दबंगई, रोजगार सेवक को पीटा, VIDEO यूपी के एटा में दरोगा ने चोरी के शक में रोजगार सेवक को पकड़कर पीट दिया। उसे गालियां दीं और 3 थप्पड़ जड़े और धक्का दे दिया। धमकाया-तेरे जैसों की गुलामी नहीं करता। घर जाने के लिए तैयार बैठा हूं। फोन मिला ले, नौकरी से निकलवा दे। तेरी नेतागिरी और बदमाशी निकाल दूंगा। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *