राजेंद्रनगर मेट्रो स्टेशन के लिए खुदाई 12 मार्च से होगी:रेलवे ने दी NOC, मोइनुल हक स्टेडियम से टर्मिनल के बीच 800 मीटर का टनल

पटना मेट्रो के सबसे गहरे मेट्रो स्टेशन राजेंद्र नगर के लिए टनल खुदाई का काम 12 मार्च से शुरू होगा। रेलवे ने पटना मेट्रो को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) दे दिया है। अब मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल के बीच लगभग 800 मीटर तक टनल निर्माण के लिए खुदाई शुरू हो जाएगी। रेलवे से अनुमति मिलने के बाद दिसंबर 2025 से रुका हुआ निर्माण काम अब दोबारा गति पकड़ेगा। दरअसल, मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल होते हुए मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के पहले तक लगभग 1800 मीटर लंबी टनल तैयार की जानी है। इस हिस्से में खुदाई के लिए पटना मेट्रो ने 2 टनल बोरिंग मशीन (TBM) को लगाया था और काम तेजी से चल रहा था, लेकिन रेलवे से मंजूरी नहीं मिलने के कारण इसे रोकना पड़ा। राजेंद्र नगर टर्मिनल के पहले रेलवे लाइन के पास टनल बनाने के लिए रेलवे की अनुमति जरूरी थी। अब 3 महीने बाद फिर काम को शुरू किया जाएगा। राजेंद्र नगर टर्मिनल को विकसित करने की रेलवे कर रहा प्लानिंग मोइनुल हक स्टेडियम से शुरू हुई टनल पटना-हावड़ा मेन रेलवे लाइन के नीचे से गुजरते हुए राजेंद्र नगर टर्मिनल के नीचे से पार करेगी। इसके बाद यह कंकड़बाग ओल्ड बाइपास के नीचे बन रहे राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी। हालांकि, रेलवे भी राजेंद्र नगर टर्मिनल को विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। टनल के एलाॅयनमेंट का टर्मिनल के विकास पर होने वाले प्रभाव पर मंथन, सुरक्षा मानकों और भविष्य की योजनाओं का तकनीकी परीक्षण करके रेलवे ने पटना मेट्रो को एनओसी दिया है। मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय टनल तैयार पटना मेट्रो कॉरिडोर-2 में पहले भी कई हिस्सों में टनल निर्माण का कार्य पूरा किया जा चुका है। मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय के बीच लगभग 1480 मीटर लंबी टनल तैयार की जा चुकी है। वहीं, गांधी मैदान से आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक करीब 1450 मीटर में टनल का निर्माण भी पूरा हो गया है। राजेंद्र नगर सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन पटना मेट्रो रेल का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन है। यहां 21 मीटर नीचे से मेट्रो रेल गुजरेगी। इसका कारण राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाला रेलवे ट्रैक है। यह एक विशेष मेट्रो स्टेशन होगा, क्योंकि यह रेलवे टर्मिनल से जुड़ा होगा। इस मेट्रो स्टेशन से लोग आसानी से राजेंद्र नगर रेलवे टर्मिनल से ट्रेन भी पकड़ सकेंगे। वहीं, पटना जंक्शन मेट्रो स्टेशन एक इंटरचेंज स्टेशन है, जो रेड लाइन और ब्लू लाइन को जोड़ेगा। इससे दानापुर से खेमनीचक और न्यू ISBT तक की यात्रा आसान हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *