राज्यपाल के कंधे पर हाथ रखकर चलने लगे नीतीश:इशारा कर कुर्सी ऑफर की; महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर सलामी के दौरान हाथ जोड़कर खड़े रहे CM

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पटना के गांधी घाट में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी को सलामी दी गई। सलामी के दौरान मुख्यमंत्री हाथ जोड़े खड़े रहे। सलामी से पहले नीतीश कुमार राज्यपाल साथ-साथ गांधी घाट में जाते दिखे। इसे दौरान मुख्यमंत्री ने पहले राज्यपाल आरिफ मोहम्मद को नमस्कार किया फिर उनके कंधे पर हाथ रख दिया। इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल के कंधे पर हाथ रखकर चलने लगे। कार्यक्रम में पहुंचने पर नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इशारों में कुर्सी भी ऑफर की। राज्यपाल ने फिर नमस्कार किया और कुर्सी पर बैठ गए। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मौके से आई 3 तस्वीरें देखिए… विजय सिन्हा बोले- मोदी, गांधी के विचारों पर चल रहे कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के सिद्धांतों और विचारों पर चलते हुए देश का नेतृत्व कर रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास का मंत्र गांधी जी के विचारों से प्रेरित है और आज उसी के जरिए देश और समाज को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।’ भू-माफियाओं के खिलाफ सिर पर कफन बांधकर निकला हूं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में व्याप्त गड़बड़ियों पर सख्त रुख अपनाते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, ‘हम भू-माफियाओं के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। मैं जिस क्षेत्र से चुनाव लड़ा हूं। वहां अपराधियों से लड़कर चुनाव जीता है। भू-माफियाओं को साफ संदेश देना चाहता हूं कि मैं सिर पर कफन बांधकर इस लड़ाई में उतरा हूं। मैंने अटल जी के विचारों को अपना आदर्श माना है। इसी प्रेरणा से वह बिना किसी डर और दबाव के भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।’ भू-माफिया के साथ खड़े अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे विजय कुमार सिन्हा ने दो टूक कहा कि उनके अभियान का जो भी विभागीय अधिकारी या कर्मचारी विरोध करेगा, वह भू-माफिया, दलाल और बिचौलियों के लिए काम करने वाला माना जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के हित में काम करने वाले कर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। गलत काम पर कार्रवाई तय भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एक अंचल अधिकारी (सीओ) को निलंबित किए जाने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी पदाधिकारी गलत करेगा, प्रमाण मिलने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वह जल्द ही जनता के बीच जाकर भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे और अगला कार्यक्रम मिथिलांचल क्षेत्र के दरभंगा में आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *