राज्यसभा चुनावः लेसी सिंह के आवास पर JDU की मीटिंग:5वें कैंडिडेट की जीत को लेकर BJP की भी बैठक; AIMIM के पोस्टर में तेजस्वी

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रविवार सुबह जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर NDA नेताओं की एक अहम बैठक हुई। अब मंत्री लेसी सिंह के आवास पर जदयू विधायकों की बैठक चल रही है। वहीं स्टेट गेस्ट हाउस में बीजेपी की मीटिंग जारी है, जिसमें पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हैं। शाम को मंत्री विजय चौधरी के घर NDA के नेता दोबारा जुटेंगे, जहां कल होने वाले राज्यसभा चुनाव की फाइनल स्ट्रैटजी तैयार होगी। इधर, खबर है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव AIMIM की इफ्तार पार्टी में शामिल होंगे। पार्टी के पोस्टर में भी तेजस्वी की तस्वीर लगाई गई है। बिहार में सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज है। जानिए जीत को लेकर NDA-महागठबंधन से जुड़ी हर हलचल… मंत्री श्रवण कुमार बोले- जीत हमारी होगी जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर बैठक में बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय शर्मा और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जेडीयू कोटे के मंत्री श्रवण कुमार शामिल हुए। बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा और जेडीयू के कई बड़े नेताओं ने चुनावी समीकरण और जीत सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक खत्म होने के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि, ‘महागठबंधन भले ही अपनी जीत का दावा करे, लेकिन राज्यसभा चुनाव में जीत एनडीए की ही होगी।’ उन्होंने कहा कि, ‘एनडीए ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है। हम लोग लगातार चुनाव जीतते आए हैं और इस बार भी जीत हमारी ही होगी।’ सम्राट चौधरी के घर मॉक पोल दोपहर 2 बजे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर एनडीए के सभी विधायकों को अनिवार्य रूप से बुलाया गया है। यहां विधायकों के लिए ‘मॉक पोल’ यानी अभ्यास मतदान कराया जाएगा। इसका उद्देश्य विधायकों को राज्यसभा चुनाव में होने वाली वरीयता आधारित मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी देना है, ताकि वास्तविक मतदान के समय किसी भी प्रकार की मानवीय या तकनीकी गलती न हो। एनडीए नेतृत्व का मानना है कि राज्यसभा चुनाव में एक भी गलत वोट पूरा समीकरण बिगाड़ सकता है। इसी कारण मॉक पोल के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी उम्मीदवारों को तय कोटा के अनुसार वोट मिलें और उनकी जीत सुनिश्चित हो सके। विजय चौधरी के आवास पर अंतिम रणनीति मॉक पोल के बाद शाम 4 बजे जेडीयू नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर विधायकों के लिए डिनर बैठक होगी। यहां चुनावी रणनीति की अंतिम समीक्षा की जाएगी और विधायकों को पार्टी लाइन पर रहने के निर्देश दिए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, एनडीए के करीब 100 विधायक ऐसे हैं जिन्होंने पहले कभी राज्यसभा चुनाव में मतदान नहीं किया है। इसी कारण उन्हें पूरी प्रक्रिया समझाने के लिए मॉक वोटिंग कराई जा रही है, ताकि किसी भी वोट के रद्द होने की संभावना खत्म हो सके। इससे पहले 14 मार्च को उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर और 12 मार्च को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर भी एनडीए विधायकों के लिए डिनर बैठक आयोजित की गई थी। AIMIM की इफ्तार के जरिए सियासत इधर, राज्यसभा चुनाव के बीच एआईएमआईएम की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी ने भी सियासी चर्चा बढ़ा दी है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने आज शाम 6 बजे दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम के पोस्टर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तस्वीर भी लगाई गई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में खासा ध्यान खींचा है। जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव अपने आवास से निकलकर इफ्तार पार्टी में शामिल होंगे। तेजस्वी और अख्तरुल ईमान की मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा बीते दिनों अख्तरुल ईमान ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि बातचीत सकारात्मक रही है और सकारात्मक बातचीत का पॉजिटिव परिणाम होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि महागठबंधन को समर्थन देने का अंतिम फैसला एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी करेंगे। बिहार के सियासत से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्ल़ॉग से गुजर जाइए….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *