हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद झज्जर के बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के तेवर बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। पहले तो उन्होंने पार्टी के साथ नाराजगी जाहिर की। इसके बाद अब अपनी फेसबुक आईडी की डीपी से दीपेंद्र हुड्डा के साथ फोटो हटा दी। कुलदीप पिछले तीन दिनों से अपने क्षेत्र में नजर भी नहीं आए हैं और उनका मोबाइल भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। इस बीच उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। बता दें कि कुलदीप पर राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ क्रॉस वोटिंग करने के भी आरोप लगे थे। हालांकि, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनकी पैरवी करते हुए कहा था कि कुलदीप ने कांग्रेस को ही वोट दिया है। जानिए राज्यसभा चुनाव के बाद से क्या-क्या हुआ… निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने के लगे थे आरोप राज्यसभा चुनाव के दौरान ही कुलदीप वत्स का नाम चर्चा में आ गया था। उनपर आरोप लगे थे कि उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के पक्ष में वोट दिया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई और न ही कांग्रेस द्वारा जारी क्रॉस वोट करने वाले विधायकों की लिस्ट में इनका नाम था। हुड्डा ने की पैरवी, वत्स ने बदली डीपी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूरे घटनाक्रम के बाद मीडिया के सामने आकर कुलदीप वत्स की पैरवी की थी। उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि “कुलदीप वत्स ने कांग्रेस को ही वोट दिया है, मैंने खुद देखा है। वहीं, सियासी हलचल के बीच कुलदीप वत्स ने अपनी फेसबुक डीपी बदल दी है। उन्होंने दीपेंद्र के साथ फोटो को हटाकर अपने अकेले की फोटो लगाई है। कांग्रेस के प्रति जाहिर की थी नाराजगी वोटिंग के दिन ही एक निजी न्यूज चैनल पर बातचीत में कुलदीप वत्स ने कांग्रेस के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि पार्टी मेहनती कार्यकर्ताओं की कद्र नहीं करती, जबकि चापलूस लोगों को ज्यादा महत्व दिया जाता है। उनके इस बयान के बाद से ही उनके कांग्रेस से दूरी बनाने के संकेत मिलने लगे थे। भाई बोले- जल्द लोगों के बीच होंगे विधायक कुलदीप वत्स के बड़े भाई ने सामने आकर स्थिति साफ करने की है। उन्होंने कहा कि कुलदीप वत्स जल्द ही मैदान में लौटेंगे और पहले की तरह सक्रिय नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि हलके के लोगों की सेवा करना उनके पूरे परिवार का मुख्य उद्देश्य रहा है और आगे भी इसी भावना के साथ काम जारी रहेगा। जहां एक ओर कुलदीप वत्स नजर नहीं आ रहे, वहीं उनके छोटे भाई ईश्वर वत्स क्षेत्र में सक्रिय हैं और लोगों से संपर्क बनाए हुए हैं। इससे यह भी संकेत मिल रहे हैं कि राजनीतिक गतिविधियां पूरी तरह थमी नहीं हैं। कुलदीप को कांग्रेस का सच्चा सिपाही बताया कुलदीप वत्स के समर्थन में इलाके के कई स्थानीय नेता खुलकर सामने आए हैं। जहांगीरपुर से सरजीत गुलिया ने कहा कि कुलदीप वत्स “कांग्रेस का सच्चा सिपाही” है और उनके ऊपर लग रहे आरोप निराधार हैं।