केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत ने आज (11 फरवरी) को अपना 76वां बर्थडे मनाया। दिल्ली में हुए सेलिब्रेशन कार्यक्रम में उन्होंने तलवार से 5 मंजिला 76 किलो का केक काटा। उनके साथ उनकी बेटी और हरियाणा सरकार में मंत्री आरती राव भी मौजूद रहीं। कार्यकताओं के साथ हरियाणा के 6 विधयक भी राव इंद्रजीत को बधाई देने दिल्ली पहुंचे। बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान उन्होंने कहा कि मैं तो अभी जवान हूं, कई काम निपटाने हैं। इसी के साथ उन्होंने 2029 के चुनाव को लेकर सक्रिय राजनीति से रिटायरमेंट के कयासों पर भी फिलहाल विराम लगा दिया। कार्यकर्ताओं की भीड़ से उत्साहित राव इंद्रजीत सिंह ने कहा… जिसके पास लोगों का समर्थन, प्यार और आशीर्वाद होता है वह कभी बूढ़ा नहीं हो सकता। मैं अभी भी 75 साल का जवान हूं। अभी बहुत से काम अधूरे हैं, उन्हें पूरा करना है। लोगों के प्यार से मिली ऊर्जा उन्हें हमेशा जवान बनाए रखेगी। दिल्ली पहुंचे 6 विधायक
राव के 76वें जन्मदिन में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और 6 विधायक दिल्ली पहुंचे। आरती राव के अलावा दिल्ली पहुंचने वाले विधायक में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली के विधायक अनिल यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, नारनौल के विधाकय ओमप्रकाश यादव और पटौदी की विधायक बिमला चौधरी शामिल रही। बेटी और कार्यकर्ता केक लेकर आए राव इंद्रजीत सिंह के 76वें जन्मदिन पर अधिकतर कार्यकर्ता अपना-अपना केक लेकर पहुंचे। राव इंद्रजीत सिंह ने बेटी आरती राव और पटौदी की विधायक बिमला चौधरी सहित कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में तलवार के साथ 76 किलो का केक काटा। 76 किलो का यह केक कार्यकर्ता उनके जन्मदिन पर लेकर पहुंचे थे। रिटायरमेंट के दिए थे संकेत राव इंद्रजीत सिंह ने पहली बार उम्र का हवाला देकर महेंद्रगढ़ जिलें में आयोजित एक कार्यक्रम में सक्रिय राजनीति से रिटायरमेंट के संकेत दिए थे। जिसके बाद राव इंद्रजीत सिंह के 2029 का चुनाव नहीं लड़ने की चर्चाएं तेज हो गई थी। हालांकि बाद में राव इंद्रजीत सिंह ने एक दूसरे कार्यक्रम में 2029 को चुनाव लड़ने के संकेत देकर समर्थकों में उत्साह भर दिया था। समर्थक हर वर्ष मनाते हैं जन्मदिन राव इंद्रजीत सिंह के समर्थक हर वर्ष उनका जन्मदिन मनाते है। जन्मदिन के मौके पर राव इंद्रजीत सिंह अक्सर कभी रेवाड़ी में रामपुरा हाउस तो कभी दिल्ली आवास पर समर्थकों के साथ मौजूद रहते हैं। संसद के सत्र के चलते इस बार राव इंद्रजीत सिंह अपने 76वें जन्मदिन पर दिल्ली में मौजूद रहे। राव इंद्रजीत के बारे में जानिए… 2004 से केंद्र सरकार में राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह 2004 से अब तक केंद्र में लगातार मंत्री हैं। शायद ही देश के किसी अन्य नेता के नाम ऐसा रिकार्ड दर्ज होगा। राव इंद्रजीत सिंह 2004 से 2014 तक मनमोहन सरकार और 2014 से 2026 तक नरेंद्र मोदी सरकार में राज्यमंत्री मंत्री हैं। इससे पहले राव इंद्रजीत सिंह 1982 से 1987 तक प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हैं। 1977 से 2024 तक दो बार हारे राव इंद्रजीत सिंह ने जाटूसाना से पहला चुनाव 1977 में लड़ा था। जाटुसाना में राव नरबीर सिंह और महेंद्रगढ़ लोकसभा से सुधा यादव राव इंद्रजीत सिंह को हरा चुके हैं। 1987 में राव नरबीर ने पहला चुनाव जाटुसाना में राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ लड़ा। पहले चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह को हराकर नरबीर देवीलाल सरकार में मंत्री बने थे। 1999 में भाजपा की टिकट पर पहली बार चुनाव मैदान में उतरी सुधा यादव ने महेंद्रगढ़ लोकसभा में राव इंद्रजीत सिंह को हराया था। गुरुग्राम सीट पर राव का कब्जा नए परिसिमन के बाद 2009 में गुरुग्राम लोकसभा सीट अस्तित्व में आई। तब से अब तक इस सीट पर राव इंद्रजीत सिंह को कोई हरा नहीं पाया है। 2009 का चुनाव कांग्रेस और 2014, 2019 और 2024 का चुनाव भाजपा की टिकट पर जीते। 2024 में राव इंद्रजीत सिंह के मुकाबले कांग्रेस ने फिल्म अभिनेता राजबब्बर को चुनाव मैदान में उतारा था।