राहुल गांधी की पंजाब कांग्रेस को चेतावनी:बरनाला में बोले- टीम प्लेयर बनो, वरना मैं ठीक कर दूंगा, पार्टी से बड़ा कोई नहीं

पंजाब के बरनाला में शनिवार को कांग्रेस की मजदूर महारैली हुई। इसमें राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर नेताओं को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी को मैसेज देना चाहता हूं कि काम टीम वर्क से होता है। एक प्लेयर गेम नहीं जीत सकता है। हमारे पास पूरी टीम बैठी है। मैं मैसेज देना चाहता हूं कि टीम प्लेयर बनो। वरना रिजर्व में बैठा देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि चाहे आप कितने भी बढ़े हो, पार्टी से बड़ा कोई नहीं है। आप टीम प्लेयर बनो। नहीं बने तो मैं और खड़गे आपको ठीक कर देंगे। यहां सारे सीनियर नेता बैठे हैं। मैं इनको बताना चाहता हूं कि हमारी सच्ची शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं। जो भी होगा पंजाब में इनकी रिस्पेक्ट से होगा। उन्होंने कहा कि 4 महीने से अमेरिका-भारत डील रुकी थी। संसद में जब मेरा भाषण चल रहा था तो उसे रोका जा रहा था। उसी शाम प्रधानमंत्री का फोन ट्रंप को जाता है। यह मैंने नहीं कहा है। इस बात को लेकर ट्रंप ने ट्वीट किया है। पीएम ने ट्रंप को फोन किया। लेकिन किसी मंत्री को नहीं पूछा और कह दिया कि मैं डील के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि डील में सोयाबीन दाल, अखरोट, बादाम यह सारा अमेरिका को दे दिया है। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उड़ीसा के किसान बर्बाद होने जा रहे हैं। मोदी ने दरवाजा खोल दिया। अमेरिका का सामान आ रहा है। ट्रंप ने PM मोदी का गला पकड़ लिया है। सिर झुका दिया है। मोदी भी डील नहीं चाहते थे। चार महीने से वह रोकने की कोशिश कर रहे थे। हम ब्यूरोक्रेटस से पूछते थे कि कृषि क्षेत्र तो नहीं खोल रहे हैं। वह जवाब देते थे कि नहीं खोल रहे हैं। लेकिन अब सवाल उठता है कि जो काम चार महीने में नहीं किया वह मोदी ने 15 मिनट में कैसे कर दिया। खड़गे बोले- 2 मोर्चों पर बड़ी लड़ाई लड़नी है
इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि पंजाब की धरती पर किसान और मजदूरों की महारैली हो रही है। यहां बातें किसानों के पक्ष में होंगी। जैसे आप तीन कृषि कानूनों के खिलाफ लड़े थे। वैसे ही आप केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आप को 2 मोर्चों पर बड़ी लड़ाई लड़नी है। एक तरफ मोदी सरकार तो दूसरी तरफ पंजाब सरकार से लड़ना है। कांग्रेस सरकार ने जल, जंगल, जमीन बचाने के लिए कई कानून लाई, लेकिन आज मोदी सरकार एक-एक करके सबकुछ बेच रही है। नरेंद्र मोदी तो सरेंडर मोदी हैं। खड़गे ने कहा कि यह ट्रंप के सामने सरेंडर कर रहे हैं। वहां सिर झुका रहे हैं। नाक रगड़ रहे हैं। जो ट्रंप कहता है वह करते हैं। यह देश को बेचने का काम कर रहे हैं। अपने देश को गुलामी में रखने का काम कर रहे हैं। उनकी बी टीम भी उनका साथ दे रही है। चन्नी ने कहा- केजरीवाल पंजाब को लूट रहे
जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा केजरीवाल जैसे काले अंग्रेज पंजाब को लूटने आए थे, आज वह लूटकर लेकर जा रहे हैं। आज पंजाब के लोग आपकी तरफ देख रहे हैं। आपने एमएसपी की लीगल गारंटी, मनरेगा की बात कही है। आपने मुझे तीन महीने के लिए मुख्यमंत्री बनाया। बड़े-बड़े बिजली के बिल माफ किए। हर वर्ग के लिए काम किया। राहुल जी आप आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं। बाजवा बोले- पंजाब वाले तीन चीजें चाहते हैं
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब 2027 का फतवा कांग्रेस के हाथ में देने जा रहा है। आप महीने में एक बार पंजाब आओ। जो लोग 2029 में राहुल गांधी को पीएम देखना चाहते हैं वह हाथ खड़ा करें। हम पंजाब वाले तीन चीजें आपसे चाहते हैं। जब अपनी सरकार आए तो जो हमारी पहचान (पंजाब) जय जवान जय किसान वाली थी, मोदी ने जो धोखा किया, अग्नीवीर भर्ती शुरू कर दी, जब सरकार बने तो सेना की रैगुलर भर्ती शुरू हो। अग्नीवीर की भर्ती बंद हो। इंडो अमेरिकन एग्रीमेंट किया गया। उससे किसानों को नुकसान होगा। 1947 से लेकर जब तक मनमोहन सिंह की सरकार रही है, हमने डब्ल्यूडीयू को नहीं माना। इस डील को कैंसिल किया जाएगा। कांग्रेस की रैली के PHOTOS… रैली से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *