देशभर में चल रही रसोई गैस की किल्लत के बीच हरियाणा के रेवाड़ी में सीएम फ्लाइंग टीम ने एक गैस एजेंसी पर छापेमारी भारी मात्रा में अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। टीम द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। बता दें कि, सीएम फ्लाइंग टीम को सूचना मिली थी कि, कोसली स्थित शहीद सुरेंद्र सिंह गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में गड़बड़ी की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सूचना के बाद सीएम फ्लाइंग टीम ने शनिवार की दोपहर बाद गैस एजेंसी के दफ्तर और गोदाम पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सीएम फ्लाइंग टीम को गोदाम से अलग एक कमरे में 144 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा कमरे से 32 एलपीजी, 71 खाली और 15 छोटे सिलेंडर भी मिले हैं। एजेंसी स्टाफ इन सिलेंडरों का कोई रिकार्ड पेश नहीं कर सका। टीम में शामिल अधिकारियों द्वारा फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर जरुरी कार्रवाई की जाएगी।