रोड लाइटें खराब होने से फोकल पॉइंट के कई हिस्से अंधेरे में

जालंधर | दोआबा के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र जालंधर इंडस्ट्रियल फोकल पॉइंट में जगह-जगह रोड लाइट बंद होने के कारण ब्लैक स्पॉट बने हुए हैं। छोटा सईपुर के सामने नेशनल हाईवे पर स्थित जालंधर इंडस्ट्रियल फोकल पॉइंट एक्सटेंशन में 400 के करीब कारखाने हैं। इनमें से अधिकतर एक्सपोर्ट यूनिट हैं। इस इलाके की देखभाल नगर निगम करता है। यहां पर कई जगह पर रोड लाइट बंद पड़ी हुई हैं। रात की ड्यूटी खत्म करने के बाद घर जाने वाले श्रमिकों को अंधेरे के बीच से गुजरना पड़ता है। फोकल पॉइंट में प्रवेश करते ही सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री शहीद बेअंत सिंह पार्क के किनारे तथा व्हीकल अंडरपास के बीच घना अंधेरा नजर आता है। यहां पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी की तरफ से लगाई गई लाइट बंद है। इसके बाद फोकल पॉइंट शुरू होता है, जोकि नगर निगम का क्षेत्र है। फिर नगर निगम के कार्य क्षेत्र में शामिल रोड लाइट जगह-जगह बंद मिलती हैं। फोकल पॉइंट में कॉमर्शियल ब्लॉक, विश्वकर्मा मंदिर रोड, करतार फार्म को जोड़ने वाली रोड तथा ट्रांसपोर्ट नगर को जोड़ने वाली रोड पर कई जगह लाइटें बंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *