रोपड़ में चंडीगढ़ मार्ग पर सड़क हादसे में पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल जगतार सिंह (38) की मौत हो गई। उन्हें एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। यह घटना थाना सिंह भगवानपुर के अंतर्गत गांव भागों माजरा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल जगतार सिंह रोपड़ जेल में अपनी ड्यूटी पूरी कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने गांव भागों माजरा के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हादसे में जगतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के दौरान जगतार सिंह की मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल रूपनगर के शव गृह में रखा गया है। मामले की जांच कर रही पुलिस जिला रूपनगर के थाना सिंह भगवतपुर पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।