रोहड़ू हत्याकांड के 2 संदिग्धों की फोटो जारी:पब्बर नदी में फेंक दिया था शव, पुलिस ने सूचना देने की अपील की

शिमला पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र के गांव बडियारा (जांगला) में मर्डर मामले में दो संदिग्धों की तस्वीरें जारी की हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे संदिग्धों की पहचान करने में मदद करें और इनकी सूचना पुलिस को दें, ताकि उन्हें गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। इन संदिग्धों पर शक है कि इन्होंने दो दिन पहले जांगला के बडियारा क्षेत्र में 46 वर्षीय सेती राम की हत्या कर शव को पब्बर नदी किनारे फेंका। सेती राम क्षेत्र में मजदूरी करता था। मंगलवार शाम उसके कुछ नेपाली साथियों के साथ बडियारा में शराब पीते हुए देखा गया था। बुधवार सुबह सेती राम का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक सेती राम मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और संदिग्ध को तस्वीर जारी की है। पुलिस के मुताबिक संदिग्ध आरोपियों का कद छोटा और रंग सांवला है। इनमें से एक के लंबे बाल हैं और उसने भूरे रंग की हुडी पहन रखी है। पुलिस को सूचना दें, गोपनीय रखी जाएगी पहचान: SP एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो चिड़गांव थाना प्रभारी के नंबर 8894728027 पर संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए: DSP इधर, डीएसपी प्रणव चौहान और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की तह तक जाने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *