रोहतक में जिला परिषद की बैठक का आयोजन चेयरमैन मंजू हुड्डा की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें ADC नरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में जिला परिषद के 14 सदस्य भी मौजूद रहे, जिनके बीच विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। इसी चर्चा के दौरान पार्षदों के बीच कहासुनी हुई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। जिला परिषद की मीटिंग शुरू होते ही पार्षदों ने अपने वार्ड में विकास कार्य न होने का आरोप लगाते हुए बात रखी। वार्ड 13 से पार्षद सतीश ने कहा कि उनके वार्ड में काम नहीं हो रहा। तीन साल में मात्र 45 लाख का ही काम हुआ है। उनके वार्ड के हिस्से का पैसा कहां लगाया जा रहा है, इसके बारे में बताया जाए। वार्ड के लोग उससे पूछ रहे है। पार्षद सतीश द्वारा आवाज उठाई गई तो वार्ड 8 से पार्षद धीरज मलिक ने भी विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखते हुए चेयरमैन व वाइस चेयरमैन से जवाब मांगा। इसी बात को लेकर वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा आक्रोशित हो गए और अनिल हुड्डा व धीरज मलिक के बीच कहासुनी होते-होते बात हाथापाई तक पहुंच गई। वाइस चेयरमैन व धीरज मलिक के बीच गाली गलौज हिसाब मांगने व कमेटी को दोबारा बनाने की बात करने पर धीरज मलिक व वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा के बीच गाली गलौच शुरू हो गई। दोनों अपनी सीट से उठ गए और उनके बीच हाथापाई शुरू हो गई। अन्य पार्षदों ने बीच में पड़ते हुए दोनों को शांत करवाया। बिकने की बात करने पर अन्य पार्षद भड़के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा ने मीटिंग के दौरान पार्षदों पर बिकाऊ होने का आरोप लगाया, तो अन्य पार्षद भी भड़क उठे। पार्षद जयदेव डागर ने स्पष्ट कहा कि उसके ऊपर कोई आरोप लगाने की जरूरत नहीं है। किसी के घर का पानी तक नहीं पिया है। अपनी जुबान को संभाल कर बोले, वरना कुछ भी हो सकता है। मीटिंग में एक दूसरे को देख लेने की धमकी मीटिंग के दौरान चेयरमैन मंजू हुड्डा व ADC नरेंद्र कुमार के सामने ही पार्षद आपस में भिड़ रहे थे और एक दूसरे को देख लेने की धमकी तक दे रहे थे। वहीं, पार्षद सुमन ने कमेटी में शामिल करने की मांग की। बाद में चेयरमैन मंजू हुड्डा व ADC नरेंद्र कुमार ने मामले को शांत करवाया।