रोहतक में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के आगमन पर जिला बार एसोसिएशन की तरफ से आज सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सीएम नायब सिंह सैनी भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के जज भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि जस्टिस सूर्यकांत के आगमन की पूरी तैयारी कर ली गई है। कोर्ट परिसर में सजाया गया है और पार्किंग एरिया में भव्य पंडाल बनाया गया है। मुख्य मंच पर जस्टिस सूर्यकांत के साथ हाईकोर्ट के जज व जिला बार एसोसिएशन के प्रधान मौजूद रहेंगे। प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बैठने के लिए उचित व्यवस्था की गई है। मुख्य मंच के सामने जजों के बैठने का प्रबंध किया गया है। उनके पीछे वकीलों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। कोर्ट के गेट नंबर 4 से वीआईपी एंट्री की व्यवस्था की गई है। डेढ़ घंटा रूकेंगे जस्टिस सूर्यकांत
बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि जस्टिस सूर्यकांत बार एसोसिएशन में डेढ़ घंटा रूकेंगे। दोपहर ढाई बजे जस्टिस सूर्यकांत स्टेज पर होंगे और एक घंटे के कार्यक्रम के बाद हाई टी के लिए आधा घंटा बार में जज व वकीलों के साथ बिताएंगे। पुलिस लाइन व आईसी कॉलेज को बनाया पार्किंग जोन
बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि जस्टिस सूर्यकांत के कार्यक्रम के लिए वीवीआईपी पार्किंग कोर्ट परिसर में रहेगी। अन्य लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था पुलिस लाइन व आईसी कॉलेज में की गई है। वहीं आम लोगों के लिए कार्यक्रम के दौरान कोर्ट के आगे का रास्ता ब्लॉक रहेगा। कार्यक्रम के दौरान रहेगी कड़ी सुरक्षा
प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कड़ी सुरक्षा का प्रबंध किया गया है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ में रहेगा। सीजेआई के कार्यक्रम को लेकर बाबा मस्तनाथ स्थित हेलीपेड से लेकर कोर्ट परिसर तक पुलिस की कड़ी निगरानी देखने को मिल रही है। 12 बजे से 4 बजे तक रोहतक में रहेंगे जस्टिस सूर्यकांत
जस्टिस सूर्यकांत दोपहर 12 बजे बाबा मस्तनाथ स्थित हेलीपेड पर आएंगे। इसके बाद बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में एक्सीलेंस अवार्ड कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से एक बजे एमडीयू में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। एमडीयू से निकलकर 2:30 बजे कोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कोर्ट परिसर से वापस 4 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।