रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज हरियाणा में गैगस्टरों का राज है। दिन दहाड़े हत्याएं हो रही हैं। लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। आज वही आदमी सुरक्षित है, जिसे कोई मारना नहीं चाहता। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पूर्व सीएम हुड्डा ने आगे कहा कि केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा सबसे ज्यादा असुरक्षित है। विधानसभा के सत्र में हम कानून व्यवस्था पर प्रस्ताव लेकर आएंगे, जोर-शोर से उठाएंगे और जवाब मांगेंगे। आज हरियाणा में 50 से 60 गैंग सक्रिय है, जो अपराध करने के बाद क्लेम भी करते हैं। व्यापारी, डॉक्टर, विधायक व पूर्व विधायक से मांग रहे रंगदारी
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज डॉक्टर, व्यापारी रंगदारी दे रहे हैं। रोहतक में जयधन्य हत्याकांड हुआ है, आईजी ऑफिस के पास हत्याकांड होना सवाल खड़े करता है। भाजपा की पूरी तरह विफल सरकार है। उद्योग पलायन कर रहे हैं, इन्वेस्टमेंट नहीं आ रही। प्रदेश को तरक्की करनी है तो कानून व्यवस्था ठीक करनी पड़ेगी, लोगों में विश्वास पैदा करना पड़ेगा। सरकार ने कौन सा गैंगस्टर पकड़ा
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार के सारे दावे फेल है। आज सरकार ने कौन सा गैंगस्टर पकड़ा है। कभी बिश्नोई गैंग तो कभी भाऊ गैंग की तरफ से हत्याकांड और रंगदारी मांगी जा रही है। कौन सा पकड़कर लाए हैं। असलियत यह है कि लोगों में डर व खौफ है, सरकार कमजोर है। 2005 से पहले हरियाणा में अपराध था, जेल से अपराध चलता था, लेकिन हमने उसे कंट्रोल किया। पेंशन काटी नहीं तो कौन सी रिस्टोर की
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार 70 हजार पेंशन रिस्टोर करने की बात कर रही है। दूसरी तरफ पेंशन काटने की बात से भी इनकार किया। अगर पेंशन काटी ही नहीं तो अब कौन सी पेंशन रिस्टोर की। चुनाव से पहले जो राशन कार्ड बनाए थे, वह काटे जा रहे हैं। यही तो वोट चोरी है। अकेले अंबाला में 54 हजार राशन कार्ड काटे गए। चुनाव से पहले बनाए क्यों और अब काटे क्यों? हरियाणा में कौन सी 24 फसल, भाजपा सरकार बताए
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि किसान के साथ खाद के कट्टे का वजन 50 से घटाकर 40 कर दिया, और न एमएसपी पूरी मिलती है। हरियाणा सरकार कह रही है कि 24 फसलों पर एमएसपी दे रहे हैं। पहले हरियाणा सरकार यह तो बताए कि हरियाणा में 24 फसल कौन सी होती है, आज तक नहीं बताया। सरकार लोगों को क्यों झूठ बोल रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमें के नाम पर कमाए 2 हजार करोड़
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नाम पर हरियाणा से 2 हजार करोड़ से ज्यादा मुनाफा कमाया, लेकिन क्लेम नहीं दिया। लोगों ने बीमा करवाना छोड़ दिया, क्योंकि क्लेम नहीं मिलता। अभी 10 प्रतिशत लोगों को भी मुआवजा नहीं मिला है। सरकार कर्जा लेने में 15वें नंबर पर, सरकार बताएं किया क्या?
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणा सरकार कर्जा लेने में 15वें नंबर पर है। नौकरियां देने में विफल, अच्छी नौकरियों में बाहर के प्रदेशों के लोगों को प्राथमिकता दी, कोई लिस्ट निकाल कर देखो, हरियाणा के बच्चे सिर्फ हरियाणा कौशल रोजगार निगम में लगते हैं, जहां कोई सुविधा नहीं, पेंशन नहीं। सरकार बताए कि कर्ज लेकर कौन सा विकास का काम किया। सरकार की विफलता गिनवाने पर हुई FIR
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार का कानून व्यवस्था पर कंट्रोल नहीं है। एक विधायक ने किसी अधिकारी को झुनझुना दिखा दिया, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी। उसका क्या कसूर था। केवल सरकार की विफलता गिनवा रहा था, यह हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह नॉन परफॉर्मिंग सरकार है।