रोहतास में झोपड़ी में शॉर्ट सर्किट से आग:जरूरी सामान जलकर राख, 5000 कैश भी जले

रोहतास के डालमियानगर स्थित हरिजन कॉलोनी वार्ड नंबर 9 के झोपड़ी मुहल्ला में सुबह एक झोपड़ी में आग लग गई। इस घटना में रंजू देवी का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया और लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार, एक बंद झोपड़ी से धुएं का गुबार निकलते देख आसपास के लोगों को आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया घटना के दौरान घर में ताला लगा हुआ था। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए झोपड़ी का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़िता रंजू देवी के अनुसार, आग लगने से घर में रखा पलंग, बक्सा, कपड़े, फ्रिज, गोदरेज, टीवी, कूलर, बर्तन और राशन सहित कई जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा घर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। इस घटना में लगभग दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। धुआं उठता देख लोगों ने तुरंत बिजली का कनेक्शन काट दिया और आसपास के घरों में आग फैलने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घर के अंदर विद्युत तार आपस में सटे हुए थे और तार जलने की बदबू भी आ रही थी, जिससे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *