लखनऊ में बहुप्रतीक्षित ग्रीन कॉरिडोर फेज-2 का आज दोपहर 4 बजे लोकार्पण किया जाएगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे जनता को समर्पित करेंगे। झूलेलाल पार्क में लोकार्पण समारोह होगा। यूपी सरकार के कई मंत्री और भाजपा पदाधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। गोमती नदी के दोनों किनारों पर बन रहा ग्रीन कॉरिडोर कुल 57 किलोमीटर लंबा है। इसे 4 फेज में विकसित किया जा रहा है। इस कॉरिडोर में चौड़ी सड़कें, अलग-अलग लेन, हरियाली और सुगम यातायात के लिए आधुनिक डिजाइन अपनाई गई है। अलग-अलग हिस्सों में मल्टी-लेन रोड बनाई जा रही है। दूसरे चरण में 130 करोड़ रुपए से हुआ काम दूसरे चरण में समतामूलक चौराहे से निशातगंज के बीच लगभग 130 करोड़ रुपए की लागत से तीन अहम विकास कार्य कराए गए। इनमें 45 करोड़ रुपए की लागत से कुकरैल नदी पर 240 मीटर लंबा-24 मीटर चौड़ा छह-लेन का ब्रिज, कुकरैल से निशातगंज के मध्य 40 करोड़ रुपए की लागत से 1.10 किलोमीटर लंबा-18 मीटर चौड़ा बंधा और सड़क निर्माण का कार्य कराया गया है। ऐसे ही निशातगंज में 240 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े छह लेन के ब्रिज का निर्माण 45 करोड़ रुपए की लागत से पूरा हुआ है। कॉरिडोर निर्माण में हनुमान सेतु से गोमती पुल निशातगंज मार्ग तक सड़क की चौड़ाई 10 से बढ़ाकर 18 मीटर चौड़ी की गई। सड़क चौड़ी होने पर निशातगंज व कुकरैल चौराहा भी उपयोगी होगा। साथ ही नए और पुराने लखनऊ का फासला ग्रीन कॉरिडोर मिटाएगा। ग्रीन कॉरिडोर किनारे हार्टीकल्चर व सुंदरीकरण के कार्य भी हुए हैं। ग्रीन कॉरिडोर के लोकार्पण और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रमों के अपडेट्स नीचे ब्लॉग में देखिए-