लखनऊ में हाउस टैक्स वसूली पर बवाल:नगर निगम टीम से अभद्रता, पुलिस ने झगड़ा शांत कराया

लखनऊ के आलमबाग स्थित स्वतंत्र गर्ल्स डिग्री कॉलेज में हाउस टैक्स वसूली के लिए पहुंची नगर निगम की टीम को शुक्रवार को विरोध और अभद्रता का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कॉलेज संचालकों ने न केवल टैक्स इंस्पेक्टर को मौके पर रोक लिया, बल्कि उनका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया। हालात ऐसे बने कि पुलिस बुलानी पड़ी, तब जाकर टीम बाहर निकल सकी। नगर निगम के टैक्स इंस्पेक्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, कॉलेज पर 9.27 लाख रुपए का हाउस टैक्स बकाया है। वसूली के सिलसिले में वह टीम के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान कॉलेज संचालकों ने उन्हें बैठा लिया और कहा कि जब तक संबंधित जोनल अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे, तब तक कोई बाहर नहीं जाएगा। मोबाइल लेकर घर के अंदर गए संचालक धीरेंद्र प्रताप सिंह का आरोप है कि बातचीत के दौरान कॉलेज संचालक उनका मोबाइल फोन लेकर अपने घर के अंदर चले गए। इस बीच जोनल अधिकारी विकास सिंह से फोन पर तीखी नोकझोंक भी हुई। टैक्स इंस्पेक्टर का कहना है कि उनके मोबाइल से कुछ आपत्तिजनक संदेश भी भेजे गए। काफी देर तक मोबाइल वापस नहीं किया गया और टीम को जाने से रोका गया। पुलिस के हस्तक्षेप से निकला समाधान स्थिति बिगड़ती देख जोनल अधिकारी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दरोगा ने हस्तक्षेप कर नगर निगम की टीम को सुरक्षित बाहर निकलवाया। नगर निगम के कर अधीक्षक सभाजीत ने बताया- जोनल अधिकारी के साथ भी फोन पर अभद्रता की गई। मामले में आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया कर की वसूली नियमानुसार की जाएगी और किसी भी प्रकार के दबाव में काम नहीं रुकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *