लखनऊ में हाथ-पैर बांधकर किशोरी से रेप:17 साल के लड़के ने 4 दोस्तों संग बंधक बनाया, निर्माणाधीन मकान में बदहवास मिली

लखनऊ में 13 साल की लड़की से रेप का मामला सामने आया है। लड़की मंगलवार रात निर्माणाधीन मकान में बेसुध मिली। उसके हाथ-पैर बंधे थे। भाई के मुताबिक, लड़की काम करके घर लौट रही थी। तभी बारिश और आंधी से बचने के लिए वह निर्माणाधीन मकान में रुकी थी। इसी दौरान 17 साल के आरोपी ने अपने चार दोस्तों के साथ उसे बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट की और हाथ-पैर बांधकर रेप किया। बहन घर नहीं पहुंची तो परिजन खोजते हुए मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर आरोपी भागने लगे। दो आरोपी छत से कूद गए, जिससे उन्हें चोट आई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। पांचों आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने लड़की को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया है। मामला आशियाना थाना क्षेत्र का है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में लड़की ने बताया है कि आरोपी उसका परिचित है। उसी ने उसके साथ रेप किया है और उसके दोस्तों ने उसका साथ दिया। बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मां के बीमार होने पर काम करने गई थी किशोरी
नाबालिग लड़की मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली है। परिवार के साथ आशियाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। पिता राजमिस्त्री हैं। मां घरों में काम करती हैं। भाई के मुताबिक, मां की तबीयत ठीक नहीं थी। इसके चलते मंगलवार शाम को बहन मां की जगह घरों में काम करने गई थी। रात साढ़े आठ बजे काम खत्म कर लौट रही थी, तभी आंधी-पानी से बचने के लिए निर्माणाधीन मकान में रुकी। इसी दौरान, आरोपी किशोर अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। देर रात तक बहन घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रास्ते में निर्माणाधीन मकान से आवाज सुनाई दी। परिजन मौके पर पहुंचे। वहां लड़की बदहवास हालत में मिली। हाथ-पैर बंधे हुए थे। परिजनों को देख आरोपी भागने लगे। परिजन शोर मचाने लगे। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आशियाना थाने ले जाया। DCP मध्य विक्रांत वीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। डीसीपी ने बताया कि मंगलवार रात आशियाना थाने को डायल 112 से नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ————— यह खबर भी पढ़िए… मेरे पोस्टपेड मीटर को प्रीपेड कर दिया गया, क्या करूं:बिना इजाजत ऐसा करने पर FIR होगी, UP के 70 लाख बिजली उपभोक्ता को फायदा सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (CEA) ने नया बिजली कनेक्शन लेने पर प्रीपेड स्मार्ट मीटरों की अनिवार्यता खत्म कर दी है। मतलब नया बिजली कनेक्शन लेने पर आपको बताना होगा कि आप प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगवाना चाहते हैं, या पोस्टपेड स्मार्ट मीटर। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *